Breaking News

बिहार मंत्रिमंडल में विस्तार, 21 नए मंत्रियों ने ली शपथ, कुछ ऐसे साधे जातीय समीकरण

पटना. बिहार के राजभवन में शुक्रवार शाम एक समारोह के दौरान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने 21 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई, इसमें जेडीयू से 9 और बीजेपी से 12 मंत्री बनाए गए हैं. अब सीएम समेत 30 मंत्री सरकार में हैं. यह विस्तार 46 दिन बाद हुआ. पहले 9 मंत्रियों ने ही शपथ लिया था. मंत्रिमंडल में 6 नए चेहरों को भी शामिल किया गया है. इससे पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास में मुलाकात की थी. इसके बाद सीएम के प्रधान सचिव राजभवन पहुंचे और संभावित मंत्रियों की लिस्ट राज्यपाल को सौंपी थी.

नए मंत्रियों में नीरज कुमार बबलू, मंगल पांडे, रेणु देवी, संतोष सिंह, सुरेंद्र मेहता, केदार गुप्ता,  रत्नेश सदा, जमा खान, जयंत राज,  कृष्णनंदन पासवान ने मंत्रिपद की शपथ ली है. इसके साथ ही हरि सहनी, जनक राम, सुनील कुमार, शीला मंडल, महेश्वर हजारी, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, नीतीश मिश्रा, मदन सहनी, लेसी सिंह और अशोक चौधरी ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है.

जय श्री राम का नारा लगाया, शपथ ग्रहण समारोह में उत्‍साह में दिखे भाजपा नेता
मंत्रिमंडल में 6 नए चेहरों को भी शामिल किया गया है. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा नेताओं ने ‘‘जय श्री राम’’ का नारा लगाया. बता दें कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 30 मंत्री बन गए हैं. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भाजपा के सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा डिप्टी सीएम हैं.

भाजपा और जेडीयू के प्रमुख चेहरों को मिली कमान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शपथ लेने अन्य प्रमुख चेहरों में पार्टी की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष मंगल पांडेय, नीरज कुमार सिंह, नीतीश मिश्रा, नितिन नवीन, दिलीप कुमार जयसवाल और जनक राम शामिल हैं. मुख्यमंत्री की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से आज मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले पुराने प्रमुख चहरों में महेश्वर हजारी, शीला मंडल, पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार, जयंत राज, जमा खान, रत्नेश सदा शामिल हैं.

पहले 9 मंत्री थे अब बढ़कर 30 हो गए
बिहार मंत्रिमंडल के आज हुए विस्तार के साथ राज्य में अब मंत्रियों की संख्या 30 हो गयी है. पहले मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या नौ थी. अबतक मंत्रिपरिषद में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत भाजपा से तीन जबकि मुख्यमंत्री समेत जदयू से चार मंत्री थे. इसके अलावा निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष सुमन भी मंत्री थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.