Breaking News

बिहार में ठंड के बीच बारिश के आसार, इस तारीख से कम होगा शीतलहर का कहर

पटना: बिहार के 24 जिलों में पहली फरवरी से बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मंगलवार को पटना सहित प्रदेश का अधिकतर शहर कोहरे की चपेट में रहेगा। प्रदेश के सात शहर भीषण शीत दिवस और शीत दिवस की चपेट में रहे। वहीं राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। सबसे ठंडा शहर 4.5 डिग्री के साथ किशनगंज रहा। वहीं सबसे गर्म शहर 25.2 डिग्री के साथ शेखपुरा रहा।

इन जिलों में बारिश के आसार पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने के आसार हैं। सोमवार को फारबिसगंज, अगवानपुर, दरभंगा, जीरादेई भीषण शीत दिवस की चपेट में रहे।

आने वाले दिनों में लोगों को न सिर्फ दिन में ठंड से राहत मिलेगी बल्कि न्यूनतम पारा भी चढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने के चलते मौसम में यह बदलाव आएगा। सोमवार को उत्तर बिहार के कुछ स्थानों में घना कोहरा और शीत दिवस के भी आसार जताए गए हैं। इसके अलावे राज्य के अन्य जगहों पर मौसम शुष्क बना रहेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.