Breaking News

महावीर मंदिर में गूंजा श्रीराम का जयघोष, 2 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

पटना: अयोध्या में 5 सदियों के वनवास के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अपने दिव्य बाल स्वरूप में नये मन्दिर में प्रतिष्ठित हुए तो पटना के महावीर मन्दिर में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। सोमवार सुबह से ही अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर महावीर मन्दिर में दर्शन और प्रसाद चढ़ाने के लिए भक्तों की कतार लग गयी।

अयोध्या रामजन्मभूमि से महावीर मन्दिर के विशेष लगाव के कारण बड़ी संख्या में भक्त हनुमानजी के दो विग्रहों और राम दरबार के दर्शन-पूजन को पहुंचे। सोमवार देर शाम तक कुल लगभग 2 लाख से ज्यादा भक्तों के महावीर मन्दिर आने का अनुमान किया गया है। इस बीच महावीर मन्दिर में सुबह 9 बजे से सीता-राम की प्रतिमा के सामने सीताराम नाम संकीर्तन शुरू हुआ जो रात्रि 9 बजे तक चला।

महावीर मन्दिर परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा। महावीर मन्दिर में अयोध्या रामजन्मभूमि के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लाइव प्रसारण के लिए विशाल एलईडी स्क्रीन लगाया गया था। महावीर मन्दिर परिसर में बड़ी संख्या में भक्त दिनभर अयोध्या के पूरे कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को देखकर हर्षित-प्रफुल्लित होते रहे।

अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद दोपहर 2 बजे से महावीर मन्दिर में आए भक्तों के बीच हलवा प्रसाद का वितरण किया गया। शाम 6 बजे से महावीर मन्दिर प्रांगण में दीप उत्सव मनाया गया। लंका विजय के बाद जब मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अयोध्या नगरी लौटे थे तो जिस प्रकार अयोध्या वासियों ने पूरे नगर में दीपक जलाकर उत्सव मनाया था, उसकी एक झलक महावीर मन्दिर में दिखायी दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.