Breaking News

दिसंबर में भी नहीं पड़ रही सर्दी, 18 साल का टूटा रिकॉर्ड

पटना: बिहार में ठंड के मौसम में भी लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। बीते दो दिनों से अधिकतम तापमान में वृद्धि जारी है। इससे दिन में ठंड गायब हो गई है और धूप में गर्मी बढ़ गई है। सुबह और शाम में ही ठंड महसूस हो रही है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में इस तरह की गर्मी पिछले कई सालों में नहीं दिखी है। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। जो स्वास्थ्य और फसल दोनों के लिए खराब है। मौसम विभाग ने जनवरी के पहले सप्ताह से तापमान में गिरावट के संकेत दिए है।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि किसी तरह का मौसमी सिस्टम नहीं बन रहा है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं है, जिससे ठंड का असर नहीं हो रहा है। जनवरी के प्रथम सप्ताह में तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। पटना सहित 28 शहरों के अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुइ है। सर्वाधिक बढ़ोतरी कैमूर में दर्ज की गई जहां तीन डिग्री अधिकतम तापमान ऊपर चढ़कर 27.5 डिग्री पर पहुंच गया। पटना में अधिकतम तापमान शनिवार के मुकाबले रविवार को 1.1 डिग्री ऊपर चढ़ा। तेज धूप की वजह से लोगों ने दिन में गर्मी महसूस की। रविवार की सुबह पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट महसूस की गई थी।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक अभी पुरवा का प्रभाव राज्य भर में बना हुआ है जिससे नमी का संचार हो रहा है। आसमान साफ होने की वजह से सूर्य की किरणें बिना रुकावट के आ रही हैं। इससे दिन में तापमान में बढ़ोतरी और उमस की स्थिति बन रही है। रविवार को कई दिनों बाद राजधानी में लोग बिना स्वेटर के दिखे।

इस बार दिसंबर के मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति अधिक बन रही है। बार-बार तापमान ऊपर नीचे हो रहा है। अब तक कोहरे की स्थिति भी ज्यादा नहीं दिखी है। एक-दो दिन ही आंशिक से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी है। सामान्यत दिसंबर महीने में कोहरे की सघनता बढ़ जाती थी और दृश्यता में भारी कमी देखी जाती थी। मौसमविदों का कहना है कि एक हफ्ते में कुछ जगहों पर घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.