Breaking News

देश में कितनी तेजी से फैल रहा JN.1 वैरिएंट? अब तक कुल 22 मामले

नई दिल्ली : देश में कोरोना मामलों की रफ्तार धीरे-धीर बढ़ रही है। कोरोना के नए मामले में ओमिक्रोन के नए सब-वेरिएंट जेएन.1 के की वजह बताया जा रहा है। स्थिति यह है कि केरल में नए सब-वेरिएंट का पहला मामला मिलने के बाद से इससे संक्रमित रोगियों की संख्या 22 पहुंच गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 640 केस दर्ज किए गए हैं। इस दौरान संक्रमित लोगों से 6 की मौत हो चुकी है। खास बात है कि पिछले 7 महीनों के दौरान यह पहली बार है जब एक दिन में इतने लोगों ने जान गंवाई हो। क्रिसमस के साथ ही न्यू ईयर के सेलिब्रेशन से पहले कोरोना को लेकर लोगों में कुछ खौफ भी देखने को मिल रहा है।

किन राज्यों में फैल रहा न्यू सब वेरिएंट

ओमिक्रॉन का नया सब-वेरिएंट जेएन.1 देश के चार राज्यों में तेजी से पैर पसार रहा है। इन राज्यों में केरल के अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु शामिल हैं। इन राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों में 3 केरल, दो कर्नाटक और एक पंजाब से है। खास बात है कि केरल में औसतन 150 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। इस वीक के शुरू में महाराष्ट्र में कोरोना का एक भी केस नहीं था। वहीं, अब महाराष्ट्र में कोरोना के 45 एक्टिव मामले हैं। नवंबर में, जेएन.1 स्वरूप का पता लगाने के लिए पूरे जीनोम अनुक्रमण के लिए 62 सैंपल इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक कंसोर्टियम (Insacog) की विभिन्न प्रयोगशालाओं में भेजे गए थे। वहीं, दिसंबर में, अब तक 253 सैंपल भेजे गए हैं।

क्या कह रहे एक्सपर्ट

कोरोना के बढ़ते मामलो और नए सब-वेरिएंट JN.1 को लेकर एक्सपर्ट की मानें तो इसके अभी चिंता की कोई बात नहीं है। हालांकि, विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन (WHO) ने JN.1 को ‘वेरिएंट ऑफ इंटरेस्‍ट’ कैटेगरी में रखा है। खास बात है कि देश में जो मरीज जेएन.1 से संक्रमित हुए हैं, उनमें हल्‍के लक्षण ही मिले हैं। मुंबई में बॉम्बे हॉस्पिटल के कंसल्टेंट फिजिशियन डॉक्‍टर गौतम भंसाली का कहना है कि जैसा सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, कोल्ड, कफ का असर होता है इसमें भी कुछ वैसा ही रहेगा। उन्‍होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि कोई कोई लहर आने वाली है। डॉ. भंसाली के अनुसार मामलों में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

क्या कर रही सरकार?

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के लेकर केंद्र सरकार पहले ही अलर्ट हो गई है। नई वेरिएंट को देखते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को गाइडलाइन और एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की तरफ से सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ ही हेल्थ सचिवों की समीक्षा बैठक भी हो चुकी है। राज्यों से अपने यहां निगरानी को बढ़ाने को कहा गया है। इसके अलावा दिल्ली समेत कुछ राज्यों की तरफ से कोरोना संक्रमित मामलों में जीनोम सिक्वेंसिंग करवाने का फैसला भी लिया जा चुकी है। हालांकि, अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की तरफ से आने वाले वक्त में अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने की चेतावनी भी दी गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.