Breaking News

फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम-जिले के लैब टेक्नीशियन का हुआ प्रशिक्षण

मोतिहारी

सदर अस्पताल परिसर स्थित जीएनएम पारा मेडिकल छात्रावास में 3 साइट के 15 लैब तकनीशियनों, जीएनएम, बीसीएम, बीएचएम, भीबीडीएस को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ शरत चंद्र शर्मा ने कहा कि फाइलेरिया रोग के संभावित मरीजों की पहचान के लिए पाँच प्रखंडों के चिह्नित साइटों पर स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा नाइट ब्लड सर्वे संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मोतिहारी शहरी क्षेत्र, घोड़ासहन, रक्सौल, बंजरिया, तुरकौलिया में 3 नये साइट यथा दो स्थाई एवं एक अस्थाई साइट का चयन करते हुये प्रत्येक साइट से रात के 8:30 से 12 बजे तक रक्त के नमूने लिए जाएंगे। डब्ल्यूएचओ की रीजनल कोऑर्डिनेटर माधुरी देवराजू ने बताया की 300-300 कुल 900 स्लाइड का संग्रहण करना है। नाइट ब्लड सर्वे कार्यक्रम के सफल संचालन एवं क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक साइट पर अलग अलग तीन दलों का का गठन किया जाना है। सभी दलों में एक-एक एलटी होना अनिवार्य है।

10 फ़रवरी से चलेगा सर्वजन दवा सेवन अभियान:

सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि जाँच के दौरान माइक्रो फाइलेरिया दर 1 प्रतिशत या अधिक होने पर 10 फ़रवरी से सर्वजन दवा सेवन अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया की दवा स्वास्थ्यकर्मियों को अपने सामने ही खिलाना है इस बात का ध्यान रखा जाएगा। वहीं 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दूध पिलाने वाली माताओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी को उम्र के अनुसार डीईसी तथा एलबेंडाजोल की निर्धारित खुराक खिलाया जाएगा। एमडीए अभियान के पहले दिन सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, वार्ड कार्यालय, स्वास्थ्य उपकेन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में जागरूकता के साथ दवा मुफ्त खिलाया जाएगा। जन जागरूकता कार्य में संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, ऑगनबाड़ी, सेविका, जीविका एवं जनप्रतिनिधि भी मोबिलाइजर के रूप में कार्य करेंगे।

मौके पर सहायक डीभीडीसीओ डॉ आलोक कुमार, डब्ल्यूएचओ की रीजनल कोऑर्डिनेटर माधुरी देवराजू, यूनिसेफ़ के धर्मेंद्र कुमार, पिरामल फाउंडेशन जिला प्रतिनिधि मुकेश कुमार, भीडीसीओ सत्यनारायण उराँव, रविंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, चंद्रभानु सिँह, दिनेश कुमार व अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.