बेतिया में पुलिस कस्टडी से एक तस्कर फरार हो गया। वहीं, साथ मौजूद शराब की बोतलें ग्रामीणों ने लूट ली। इस दौरान जिन पुलिस वालों को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी, वे शॉपिंग कर रहे थे।
शुक्रवार (15 सितंबर) को पुलिस ने एक शराब तस्कर को 87 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया था। शनिवार को उसे पेशी के लिए भाड़े के ऑटो से 3 चौकीदार कोर्ट ले गए। वापस लौटने के दौरान थाने से पहले ही तीनों चौकीदार तस्कर को छोड़ सामान खरीदने चले गए। इधर, तस्कर भाग गया। ग्रामीणों ने ऑटो में मौजूद शराब की बोतलें लूट ली।
इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी ने काम में लापरवाही बरतने के आरोप में एक एसआई और तीन चौकीदार को निलंबित कर दिया गया। वहीं, शराब लूटने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला…
बैरिया पुलिस ने शुक्रवार की रात इंदिरा चौक वार्ड-15 में छापेमारी की। शराब तस्करी के आरोप में शिवजी प्रसाद के पुत्र रोहन कुमार को पासवान चौक से 87 लीटर शराब के साथ पकड़ा। इस दौरान उसका सहयोगी राजा पटेल भाग गया था। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि अब दूसरा भी फरार हो गया।
सर्किल इंस्पेक्टर उग्रनाथ झा ने कहा – मामले की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।
तीनों चौकीदार रास्ते में सामान खरीद रहे थे
ऑटो में बैरिया थाना के चौकीदार लक्ष्मण पासवान, आस मोहम्मद गद्दी और चंदन चौधरी थे जो तस्कर को लेकर जा रहे थे। इनके अलावा एसआई संजय कुमार भी हैं लेकिन वे ऑटो में नहीं थे। खड्डा पुल के पास ऑटो रुकवा कर तीनों चौकीदार दुकान में सामान खरीद रहे थे। जबतक वे ऑटो में वापस आते तबतक तस्कर भाग गया और ग्रामीणों ने ऑटो से शराब लूट ली।
पुलिस अधीक्षक ने किया निलंबित
सदर एसडीपीओ माहताब आलम कहा – बैरिया थाना पुलिस ने छापेमारी कर शनिवार को एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया था। तस्कर के पास से पुलिस ने एक बाइक और 87 लीटर अंग्रेजी शराब को जब्त किया। तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए बेतिया न्यायालय भेजा गया था, लेकिन किसी कारण पेशी नहीं हो सकी।
पुलिस उसे लेकर वापस थाने जा रही थी। इसी बीच रास्ते में तस्कर पुलिसकर्मी के चकमा देकर फरार हो गया। गाड़ी में रखी शराब स्थानीय लोगों ने लूट ली। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर शराब लूटने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। लापरवाही बरतने के आरोप में 1 एसआई और 3 चौकीदार को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया।





Leave a Reply