Breaking News

नीतीश, लालू, राहुल गांधी पर सुशील मोदी का तंज, कहा -हिम्मत है तो इंडिया माता की जय कह कर दिखाएं

पटना: ‘इंडिया‘ और ‘भारत‘ को लेकर चल रहे विवाद के बीच बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी से राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने नीतीश, लालू और राहुल गांधी का नाम लेते हुए तंज कसा है.

बीजेपी सांसद सुशील कुमार मोदी ने विरोधियों पर बरसते हुए कहा कि देश के राष्ट्रगान में भी “भारत भाग्य विधाता” है। राष्ट्रीय गान में कहीं भी ‘इंडिया’ का जिक्र नहीं है लिहाजा जी-20 समिट के निमंत्रण-पत्र में अगर सरकार ने ‘भारत’ शब्द का प्रयोग किया है तो उसपर अनावश्यक लोग आपत्ति कर रहे हैं।

उन्होंने ये भी कहा कि भारत शब्द बोलते ही इस देश की सभ्यता और संस्कृति जेहन में आ जाता है। इंडिया से वो भाव पैदा नहीं होता है। ‘इंडिया’ नाम गुलामी की मानसिकता को दर्शाता है। हमलोग हमेशा भारत माता की जय बोलते हैं।

इसके साथ ही महागठबंधन पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों को सनातन धर्म से जुड़ी हर चीज से उनका विरोध है। नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते इन लोगों ने ‘भारत’ का विरोध शुरू कर दिया है। विरोधी दल प्रचार कर रहे हैं कि नाम बदल देंगे लेकिन नाम बदलने की जरूरत क्या है। संविधान में तो दोनों है। आपको अच्छा लगता है तो आप इंडिया शब्द प्रयोग कीजिए। हमें अच्छा लगता है तो हम भारत शब्द प्रयोग करेंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.