Breaking News

सारे जहां से अच्छा…गाना गाते बैंड-बाजे के साथ आई पुलिस:गोपालगंज में फरार हत्यारोपी के घर कुर्की का चिपकाया इश्तेहार

गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के नैन मटिहानी गांव में बैंड बाजे के साथ पुलिस हत्या मामले में फरार आरोपी के घर पहुंची। इस दौरान सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा… गाने की धुन के साथ अभियुक्त के घर इश्तेहार चिपकाया। कोर्ट से इश्तेहार मिलने के बाद पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के नैन मटिहानीया गांव में पांच अक्टूबर 2022 को मकसूद नट की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के इस मामले में मीरगंज थाने में मकसूद के भाई मल्लू नट ने 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

दर्ज प्राथमिकी के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार विभिन्न जगह छापेमारी कर रही है। पिछले एक साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी इश्तेहार चिपकाया गया है। बावजूद आरोपी सरेंडर नहीं करता है तो उसके घर कुर्की के लिए न्यायालय में अर्जी दी जाएगी।

न्यायालय से आदेश के बाद आरोपी के घर की कुर्की की जाएगी। बता दें कि गोपालगंज पुलिस विभिन्न अपराधिक मामले फरार अपराधियों की सूची बनाई है। इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम बनाकर पुलिस विशेष छापेमारी कर रही है। साथ ही कोर्ट से आदेश निर्गत कराकर कुर्की की कार्रवाई करने में जुटी है। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.