सूबे के इंजीनियरिंग कॉलेजों में पहले राउंड के लिए 3 – 5 अगस्त तक हुए डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन और नामांकन प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया है। अब नए सिरे से पहले राउंड में दाखिले के लिए सीट आवंटन, डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन और नामांकन प्रक्रिया का पुनर्निधारण किया गया है। इसको लेकर बीसीईसीई (बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद) बोर्ड की ओर से नोटिस जारी करते हुए सभी संस्थानों, स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों को सूचना जारी की गई है।
अब रविवार को बोर्ड की ओर से पहले राउंड के दाखिले के लिए फिर से सीट आवंटन होगा। इसके बाद पहले राउंड के लिए स्टूडेंट्स रविवार से लेकर 17 अगस्त तक एलॉटमेंट अॉर्डर हासिल कर सकेंगे। सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में 14 – 17 अगस्त तक डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन और नामांकन की प्रक्रिया होगी। वहीं पहले राउंड में नामांकन की प्रक्रिया के बाद बची सीटों पर एडमिशन के लिए दूसरे राउंड के लिए सीट एलॉटमेंट की सूचना बाद में जारी होगी। उल्लेखनीय है कि सूबे के इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक की पढ़ाई के लिए 13475 सीटें उपलब्ध हैं। बोर्ड का आदेश तब जारी किया गया है जब स्टूडेंट्स दूसरे राउंड के नामांकन के लिए तिथि का इंतजार कर रहे थे।
33% सीटों पर छात्राओं का नामांकन नहीं, इसलिए कैंसिल
सरकार के संकल्प के तहत इंजीनियरिंग में 33 फीसदी सीटों पर छात्राओं का नामांकन मौजूदा सत्र से होना है। बताया जा रहा है कि पहले राउंड की नामांकन प्रक्रिया में इसका पालन नहीं हो सका है। इसकी जानकारी बोर्ड को मिलने के बाद पहले चरण के एडमिशन को रद्द किया गया है। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक जानकारी बोर्ड की ओर से नहीं दी गई है लेकिन प्रशासनिक सूत्रों की माने तो इसी वजह से नए सिरे से एडमिशन के लिए कार्यक्रम जारी हुआ है।
दो राउंड के बाद प्रवेश परीक्षा के आधार पर भरी जाएंगी
जेईई मेन के स्कोर पर दो राउंड की नामांकन प्रक्रिया होगी। इस पर मॉप अप राउंड की काउंसेलिंग नहीं होगी। बावजूद इसके अगर सीटें खाली रह जाती हैं तो बीसीईसीई की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा के आधार पर ब्रांचों में दाखिले की प्रक्रिया होगी। दूसरी ओर कई इंजीनियरिंग कॉलेजों में सत्र 2023- 24 से नए ब्रांच की शुरुआत हुई है। वहीं कई ब्रांचों में सीटों की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है।




Leave a Reply