Breaking News

सोनपुर मंडल के 15 स्टेशनों का होगा सौंदर्यकरण:अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत होगा काम

पीएम मोदी द्वारा 6 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में 508 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास का शिलान्यास किया जायेगा। इस में बिहार के सोनपुर मंडल के दस स्टेशन शामिल होंगे। जिसमें मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, नवगछिया, मानसी, खगड़िया, लखमिनियाँ , दलसिंहसराय, ढोली एवं रामदयालु नगर स्टेशन लिस्ट में है। यह पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जाएगा।

रेलवे की ओर से जारी तस्वीर ढोली स्टेशन की

विदित हो कि भारतीय रेल आधुनिकीकरण की दिशा में और भारत सरकार के न्यू इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। देशभर में रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय प्रतिष्ठानों के रूप में विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है।

भारत सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 1309 रेलवे स्टेशनों का अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है। भारतीय विविधता की भव्यता को प्रदर्शित करते हुए इन पुनर्विकसित किये जा रहे स्टेशनों पर नई अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौजूदा सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा और आवश्यकतानुसार बदला जाएगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नियोजित सुविधाओं में अनावश्यक संरचनाओं को हटाकर रेलवे स्टेशनों तक सुगम पहुंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, बेहतर परिसंचरण क्षेत्र (Concourse Area), उन्नत पार्किंग स्थान, दिव्यांगजन अनुकूल बुनियादी ढांचा एवं हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण अनुकूल भवन आदि शामिल हैं।

*स्टेशन डिज़ाइन के मानक तत्व होंगे:* • स्टेशनों का ‘सिटी सेंटर’ के रूप में विकास। • शहर के दोनों किनारों का एकीकरण • स्टेशन भवनों का सुधार/पुनर्विकास। • अच्छी तरह से डिज़ाइन की गई आधुनिक यात्री सुविधाओं का प्रावधान। • अच्छी तरह से डिज़ाइन किया गया ट्रैफ़िक सर्कुलेशन और इंटर-मॉडल एकीकरण। • यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए समान और अच्छी तरह से डिज़ाइन किए गए साइनेज। • मास्टर प्लान में उपयुक्त संपत्ति विकास का प्रावधान एवं • भूनिर्माण में स्थानीय कला और संस्कृति को प्राथमिकता ।

इस ऑपरेशन के तहत देश के तीन स्टेशनों पर काम पूरा हो गया है। इनमें मध्य प्रदेश का “रानी कमलापति स्टेशन”, कर्नाटक के बेंगलुरु का “सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल स्टेशन” और गुजरात का “गांधीनगर कैपिटल स्टेशन” शामिल हैं। ये स्टेशन आधुनिक भारत की भव्य तस्वीर पेश करते हैं।

विदित हो कि इस योजना के अंतर्गत सोनपुर मंडल के कुल 15 स्टेशनों ( मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, नवगछिया, मानसी, खगड़िया, लखमिनियाँ , दलसिंहसराय, ढोली एवं रामदयालु नगर, भगवानपुर, दिघवारा, शाहपुर पटोरी, साहेबपुर कमाल ,काढ़ागोला रोड) का चयन किया गया है जिनके बुनियादी ढांचे को नया रूप दिया जाएगा ।

रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना मे जनभागीदारी हेतु प्रयत्न किया जा रहा है तथा जनता से सुझाव लेने हेतु व्यापक प्रयास किए जा रहे है । रेलवे बोर्ड के वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध है जिसपर कोई भी व्यक्ति अपने सुझाव दे सकता है । इन सुझावों को अमृत भारत स्टेशन योजना मे शामिल किया जाएगा ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.