मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जेपी गंगा पथ के गायघाट के पास चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण का निर्देश दिया है। साथ ही जेपी सेतु से एनएच-19 तक की कनेक्टिविटी का भी जायजा लिया है।

निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।
जेपी गंगा पथ से गांधी सेतु की भी होगी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री जेपी गंगा पथ होते हुए गायघाट पहुंचे। वहां निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि जेपी गंगा पथ का गायघाट तक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही पूर्ण हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जेपी गंगा पथ के बचे हुए निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें, ताकि लोगों का आवागमन और आसान हो सके। जेपी गंगा पथ के गायघाट के पास गांधी सेतु से भी बेहतर कनेक्टिविटी कराए, ताकि गांधी सेतु के साथ जेपी गंगा पथ का संपर्क सुगम हो सके।

निरीक्षण के दौरान निर्देश देते सीएम नीतीश कुमार।
जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई परियोजनाओं पर चल रहा काम
मुख्यमंत्री ने जेपी सेतु से एनएच-19 तक के कनेक्टिविटी का जायजा लिया। जेपी सेतु से होते हुए इस पथ का बकरपुर के पास एनएच-19 से कनेक्टिविटी की गई है। इससे छपरा और हाजीपुर जाने के लिए लोगों को एक और सुगम मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की संपर्कता और बेहतर करने के लिए पथ निर्माण और पुल निर्माण के कई कार्य किए गए हैं। पटना से बाहर आने-जानेवाले लोगों का संपर्क और सुलभ बनाने के साथ-साथ पटना शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण पथ परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।




Leave a Reply