Breaking News

‘विपक्षी पार्टियों की बैठक टांय-टांय फिस’:चिराग की पार्टी बोली- नीतीश कुमार पर नहीं कर पा रहा कोई भरोसा

विपक्षी एकता की बैठक के बाद सियासी दलों की प्रतिक्रिया लगातार आ रही है। बीजेपी के बाद अब चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने विपक्षी एकता की बैठक के बाद शनिवार को कहा कि विपक्षी एकता की हवा निकल गई। बैठक टांय-टांय फिस हो गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि अपने-अपने स्वार्थ के लिए सभी का जुटान हुआ था। केजरीवाल अध्यादेश के खिलाफ माहौल बनाने आए थे। कई पार्टियां यह चाहती हैं कि कांग्रेस उनके खिलाफ चुनाव नहीं लड़े। महागठबंधन फेल हो गया। विपक्ष के कई चेहरे नहीं आए। मायावती, नवीन पटनायक, जगनमोहन रेड्डी, चंद्रशेखर राव जैसे कई नेता नदारत थे।

किसी फैसले की घोषणा नहीं की गई

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अपने मुहिम में सफल नहीं रहे। बिहार के गरीबों का पैसा बर्बाद किया गया। अभी किसान बदहाल स्थिति में हैं। नीतीश कुमार अगर संयोजक बनाया गया तो इसकी घोषणा क्यों नहीं की गई? नीतीश कुमार की छवि इस तरह से बिगड़ी हुई है कि कोई उन पर भरोसा ही नहीं कर पा रहा। कांग्रेस, आरजेडी सब को वे धोखा दे चुके हैं। सभी पार्टियां डर रही हैं कि कहीं ये भाजपा की गोद में जाकर नहीं बैठ जाए।

हाजीपुर सीट पर फिर से दावेदारी

राजू तिवारी ने कहा कि शिमला की बैठक में देखिएगा कई नेता गायब हो जाएंगे। उन्होंने हाजीपुर लोकसभा सीट पर कहा कि यह सीट शुरू से रामविलास पासवान की सीट रही है, इसलिए इस पर लोजपा (रामविलास) की दावेदारी बनती है। एनडीए से सीट शेयरिंग को लेकर सम्मान जनक समझौता होता है तो देखा जाएगा। राजनीति में कब कौन किसके साथ चला जाए कोई नहीं जानता! बता दें हाजीपुर से पशुपतिनाथ पारस सांसद हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.