भागलपुर के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर में बम धमाका हुआ था। इसको लेकर एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम विस्फोट की जांच कर रही है। आरोपियों के तालाश में पुलिस जुट गई है, जल्द ही मामले का खुलासा होगा। दो बच्चे जख्मी हुए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने बताया कि नाथनगर इलाके में इससे पहले भी कई बम विस्फोट का मामला सामने आया है। नाथनगर के मोमिन टोला में बम विस्फोट की घटना सामने आई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक इसका खुलासा नहीं किया है।
2021 के दिसंबर में हुई थीं बम ब्लास्ट की चर्चित घटनाएं
17 फरवरी 2021 की रात नाथनगर स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म संख्या दो पर रेलवे पाया के सामने डेटोनेटर बम रख कर बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई थी। देर रात स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता की टीम ने बम को डिफ्यूज कर दिया था। इस मामले में गिरफ्तारी को लेकर अब तक रेल पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।
6 दिसंबर 2021 की रात करीब साढ़े 10 बजे मधुसूदनपुर इलाके के नूरपुर में कोचिंग संचालक जीत सिंह राणा पर बदमाशों ने बम से हमला कर दिया था। इस मामले में गिरफ्तारी तो दूर, पुलिस किसी को पहचान तक नहीं पाई।
9 दिसंबर 2021 को नाथनगर स्टेशन से महज दो सौ मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर बम विस्फोट किया गया था। इसमें एक अधेड़ की मौत हो गई थी। इस मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर मामले की जांच की बात कही गई थी। लेकिन आज तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
11 दिसंबर 2021 को नाथनगर के मोमिन टोला में बम फटने से दो बच्चे घायल हो गए थे। इसको लेकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुख्यात चांद मियां को नामजद किया था। 31 जनवरी 2022 को उसने कोर्ट में सरेंडर किया। नाथनगर पुलिस ने रिमांड पर लेकर उससे कड़ी पूछताछ भी की थी।
13 दिसंबर 2021 को नाथनगर के मकदूम शाह दरघाट पर बम धमाके में एक बच्चे की मौत हो गई थी। बम निरोधक दस्ता ने मौके पर पहुंच पांच टिफिन बम को डिफ्यूज भी किया था। पुलिस ने एक आरोपित सन्नी तांती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।



Leave a Reply