गोरखपुर. आर्थिक रूप से कमजोर किसी भी व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी चिंता बेटी के हाथ पीले करने की होती है. योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद बीते छह साल से उनकी यह चिंता दूर हो गई है. अकेले गोरखपुर में योगी सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2017 से अब तक 4490 आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटियों के हाथ पीले करा चुकी है.
जिले में एक बार फिर एक ही साथ डेढ़ हजार जोड़े मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बड़े ही धूमधाम से वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं. खास बात यह कि इन जोड़ों को आशीर्वाद देने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मौजूद रहेंगे. जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह कहते हैं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सिर्फ औपचारिकता नहीं है बल्कि इसमें वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने वाले जोड़ों को गृहस्थी के जरूरी सामान देने के साथ भविष्य की जरूरतों के लिए बिटिया के खाते में 35 हजार रुपये की धनराशि भी दी जाती है.
सामूहिक विवाह योजना के तहत वृहद व भव्य समारोह का आयोजन 22 जून को सुबह 10 बजे से रामगढ़ताल क्षेत्र में स्थित चंपा देवी पार्क मैदान में होने जा रहा है. समाज कल्याण विभाग की तैयारी डेढ़ हजार से अधिक जोड़ों के सामूहिक विवाह कराने की है. इसके लिए 16 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. प्रति विवाह सरकार 51 हजार रुपये खर्च करती है. इसमें से 35 हजार रुपये विवाह बंधन में बंधने जा रही कन्या के बैंक खाते में अंतरित कर दिए जाते हैं.



Leave a Reply