पटना में नाबालिग के पैरों में जंजीर बांधकर मजदूरी कराई जा रही थी। ढाबा मालिक इसके एवज में 15 साल के बच्चे को 5 हजार देता था। पिछले दो महीने से पटना के कुरथौल बाजार में आने-जाने वाले लोग बच्चे को इस हालत में देख रहे थे, लेकिन किसी ने कोई पहल नहीं की। पैरों में जंजीर बांधकर काम कराने का वीडियो भी सामने आया है।
मामला परसा थाना क्षेत्र का है। जंजीर बांधने के पीछे ढाबा मालिक ने तर्क दिया कि नाबालिग को स्मैक की लत है। वह भागकर स्मैक न पी ले। इसलिए उसके पैरों में जंजीर लगाई गई है। इसकी भनक एनजीओ बचपन बचाओ आंदोलन के सदस्यों को लगी। बचपन बचाओ आंदोलन के सदस्यों ने कुरथौल बाजार पहुंचे और पुलिस से मदद लेकर नाबालिग को मुक्त कराया।
पुलिस ने ढाबे के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पैर में जंजीर बांधकर जबरन नाबालिग से करवाया जा रहा था काम
चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा है नाबालिग
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग समस्तीपुर का रहने वाला है। उसकी उम्र 15 साल है। ढाबा मालिक अखिलेश यादव उसे 2 महीने पहले समस्तीपुर से कुरथौल बाजार ले आया था।
परसा बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। उसके पिता मजदूरी कर अपने और परिवार का भरण पोषण करते हैं। गरीबी के कारण पिता ने अपने बड़े बेटे को कमाने के लिए ढाबा मालिक को सौंप दिया। ढाबा मालिक नाबालिग को इसके एवज में प्रतिमाह 5 हजार रुपए मजदूरी देता था।
ढाबा मालिक को जेल भेजने की तैयारी
परसा बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग से काम करवाना गैरकानूनी है। ढाबा मालिक ने नाबालिग के पैरों में जंजीर लगा दी थी। नाबालिग को सीडब्ल्यूसी में भेज दिया जाएगा। वहीं, ढाबा मालिक को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।



Comment here