डीएम की हत्या के मामले में वर्षों तक जेल में रहने के बाद हाल ही में रिहा हुए पूर्व सांसद आनंद मोहन रविवार को गया जी पहुंचे। फ्रेंड्स ऑफ आनंद के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में वे हिस्सा ले रहे हैं। उनके आगमन को लेकर फ्रेंड्स ऑफ आनंद और महागठबंधन के लोगों के बीच खासा उत्साह दिखा।
फ्रेंड्स आफ आनंद बड़ी संख्या में गया-पटना रोड स्थित रसलपुर गांव के निकट उनका स्वागत किया। वहां से उन्हें साथ लेकर शहर के मुख्य मार्ग होते हुए कोसडिहरा गांव पहुंचे। यहां पर आनंद मोहन महाराणा प्रताप की भव्य व विशाल प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे। इसके बाद वे मानपुर के सिकहर मोड़ स्थित राजमहल होटल पहुंचेगे। यहां वे राजमहल का उद्घाटन करेंगे और फिर सभा को संबोधित करेंगे।
वहीं, दूसरे दिन यानी सोमवार को वह माउंटेनमैन दशरथ मांझी की धरती गेहरौल जाएंगे। वहां वे दशरथ मांझी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे। खास बात यह भी है कि बेशक यह अभिनंदन समारोह फ्रेंड्स आफ आनंद के बैनर तले ही आयोजित किया गया है लेकिन इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा कांग्रेस के कद्दावर नेता अवधेश सिंह और डॉ शशि सिंह भी हैं।
फ्रेंड्स आफ आनंद की ओर से बतौर निवदेक लगाए विशाल पोस्टर पर अवधेश सिंह और शशि सिंह की बड़ी तस्वीर चिपकी पड़ी है। इसके अलावा अन्य लोग भी उस पोस्टर पर हैं। लेकिन उन सभी की तस्वीर टिकट साइज ही है। यह पोस्टर सिक्स लेन पुल पर लगाया गया है। यही नहीं आनंद मोहन जहां और जिस मंच से अपने समर्थकों को संबोधित करेंगे, उस मंच पर महागठबंधन के लोगों के बैठने के लिए विशेष तरजीह दी गई है।
खास बात यह भी है कि जेल से रिहा होने के बाद आनंद मोहन पूरे फॉर्म में हैं। जहां भी वे सभा संबोधित कर रहे हैं। वहां वे आग ही उगल रहे हैं। खास कर भाजपा के खिलाफ अपनी रिहाई को लेकर वे मुखर हो अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। उनके इस तेवर को विशेष समाज में खासा पसंद किया जा रहा है। वहीं महागठबंधन के लोग भी उनके अंदाजे बयान को पसंद कर रहे हैं।



Leave a Reply