गया में अगलगी की घटना में चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं, घर में रखे सभी सामान जलकर राख हो गए। इस घटना से इलाके में सन्नाटा पसरा है। घटना की सूचना पुलिस और प्रखंड के अधिकारियों को दी गई है। घटना शाम की बताई जा रही है। घटना जिले के फतेहपुर थाना के लोधवे टोला पहड़ी पर सोमवार शाम घटी।
गांव वालों ने बताया कि पहडी़ निवासी कैला राजवंशी व उसके तीन अन्य भाई का परिवार एक ही घर में रहते थे। घटना के वक्त बच्चा घर में सो रहा था। वही घर के अन्य सदस्य मजदूरी करने के लिए कहीं गए हुए थे। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयानक थी कि लोग सहमे हुए थे। मौके पर ग्रामीणों द्वारा आग को काबू में करने की काफी कोशिश की गई पर वे सफल नहीं हो सके। आग घर के चारों तरफ फैल गई थी। वहीं माता-पिता के सामने ही बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ अशोक कुमार थानाध्यक्ष कुमार सौरभ उतरी लोधवे पंचायत के मुखिया अभय कुमार मौके पर पहुंचे। वहीं अग्निशामक वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि आग पर काबू पाने के पहले ही घर में रखे खाने-पीने के सारे सामान जलकर राख हो गए थे।
मुखिया अभय कुमार ने बताया कि कैला राजवंशी अपने चार भाइयों के साथ एक ही मकान में रहता था। मकान खपरैल का था। उसके ऊपर से ही बिजली का हाई वोल्टेज तार गुजरा है। आशंका है कि उससे निकली चिंगारी के कारण घर में आग लग गई होगी। वहीं पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गया मगध मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया है।



Leave a Reply