“बिहार के ट्रेनों में बंगाल की महिला चोर गिरोह रेल यात्रियों से लूटपाट कर रही है। खुलासा तब हुआ जब मुजफ्फरपुर जंक्शन पर गिरोह से जुड़ी एक नाबालिग बच्ची को पकड़ा गया। उसे रेल पुलिस को सौंप दिया गया है। मामला जयनगर-दानापुर फास्ट पैसेंजर ट्रेन का है।
इसमें यात्री मनोज कुमार अपने परिवार के साथ सफर कर रहे थे। इसी दौरान नाबालिग ने मनोज कुमार की पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और बैग से 7 हजार रुपए नगद भी निकाल लिए। दूसरी तरफ चोर गिरोह की तीन महिलाएं ट्रेन के कोच में पहले से घुसीं थी। इनके साथ एक युवक भी था।
नाबालिग ने मंगलसूत्र तीन महिलाओं में से एक को दे दिया। इसके बाद वह महिला ट्रेन से उतर गई। नगद दूसरी महिला को देने की कोशिश में थी ही कि नाबालिग पकड़ा गई और दूसरी महिला भागने में सफल हो गई। भागने वाली महिला की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। उसकी तलाश में रेल पुलिस जुटी हुई है। वहीं, नाबालिग आसनसोल की रहने वाली है। उससे चोरी के रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहु ने कहा नाबालिग ने पर्स की चोरी की थी। शोर होने पर जीआरपी की महिला सिपाही उसे पकड़ थाने ले आई। तलाशी के दौरान चोरी के रुपए बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के बाद उसे बाल पर्यवेक्षण गृह भेजने की कवायद की जा रही है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।”



Leave a Reply