Breaking News

इंडो-नेपाल बॉर्डर से 5.40 लाख का गांजा पकड़ाया:नेपाल का तस्कर भी गिरफ्तार

इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित पिड़ारी गांव के पास से इनरवा पुलिस और इनरवा एसएसबी ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 5.40 लाख रुपए के गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान परसा जिला नेपाल के शेरवा थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा गांव निवासी 52 वर्षीय शेख शकील के रूप मे की गई है।

पुलिस अधीक्षक डी अमरकेश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति माथे पर मादक पदार्थ लेकर पिड़ारी गांव स्थित इनरवा मुख्य पथ से अन्यत्र जगह जा रहा है। इसके बाद तुरंत एसएसबी और पुलिस की एक टीम बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। टीम द्वारा इनरवा पिड़ारी मुख्य पथ स्थित कौड़ेना नदी के पास कार्रवाई की गई। एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया और उसकी जब जांच की गई तो माथे पर लिए हुए बोरा में मादक पदार्थ मिला। मादक पदार्थ गांजा पाया गया। जिसका वजन 13 किलो 500 ग्राम हुआ। त्वरित कार्रवाई करते हुए गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।

जब्त गांजा की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत पांच लाख चालीस हज़ार रुपए आंकी गई है। इनरवा थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार ने बताया कि एसएसबी के लिखित आवेदन पर गांजा तस्कर शेख शकील के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.