BIHARBreaking NewsSTATE

बड़ी खबर: PM किसान सम्मान योजना, उज्ज्वला योजना, जन-धन खाता एवं बिहार सरकार द्वारा भेजी गई DBT राशि को डाकघरों से करें प्राप्त…

प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, उज्ज्वला योजना, जन-धन खाता एवं बिहार सरकार द्वारा भेजी गई DBT राशि को डाकघरों से प्राप्त करें.
लॉक डाउन के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न योजनाओं की राशि जारी की जा रही हैं जिसका भुगतान DBT के माध्यम से किया जाना है. अभी हाल ही में राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के अंतर्गत 63 लाख 69 हजार 169 किसानों के खाते में 1273 करोड़ 83 लाख 38 हजार रूपए, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 35 लाख 64 हजार महिला उपभोक्ताओं के खाते में 20 लाख 17 हजार रूपए की राशि हस्तांतरित की गयी है. बिहार सरकार द्वारा भी 18 लाख राशन कार्डधारकों को 184 करोड़ की राशि कोरोना संकट को देखते हुए भेजी जा रही है जिसके अंतर्गत सभी कार्डधारकों को मुख्यमंत्री राहत कोष से रु. 1000.00 दिया जाएगा. ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा सभी महिला जन-धन खाताधारकों के खाते में रु. 500.00 भेजे जा रहे हैं जबकि वित्त मंत्रालय द्वारा 80 करोड़ लोगों के जन-धन खाते में 1.75 लाख करोड़ की राशि भेजी जा रही है. इसके अतिरिक्त भी निम्न योजनाओं के अंतर्गत समय समय पर केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा अनुदान लाभुकों के खातों में भेजा जा रहा है.
गैस सब्सिडी, डीजल सब्सिडी, किसान सहायता अनुदान, किसान फसल योजना, नलकूप योजना, फसल बीमा, स्वच्छ भारत अभियान, मातृत्व वंदना योजना, वृद्धा पेंशन योजना, मनरेगा.
अभी लॉक डाउन के कारण ट्रेन, बस एवं यातायात के अन्य साधनों को पूर्णतः बंद कर दिया गया है. बैंकों तक पहुंचना आमजनों के लिए दुरुह कार्य हो गया है. बैंकों ने अपने कार्य-अवधि को भी कम कर दिया है. बैंकों में लग रही भीड़ से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है.

सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों के खाते में सरकार के विभिन्न योजनाओं की राशि तो पहुँच जा रही है परन्तु बैंक और ATM उन नागरिकों के पहुँच से दूर हैं परिणामतः खाते में पैसे रहने के बावजूद भी वे निकासी नहीं कर पा रहे हैं.
लॉक डाउन के कारण लोगों को पैसे की निकासी में दिक्कत नहीं आए इसलिए मुजफ्फरपुर डाक प्रमंडल के सभी CBS शाखा डाकघर माइक्रो एटीएम की सुविधा के साथ नागरिकों की सेवा में तत्पर हैं. माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसी भी बैंक की राशि को डाकघर से निकाला जा सकता है. सभी ग्रामीण डाक सेवक सप्ताह के सातों दिन चौबीसों घंटे माइक्रो एटीएम से निकासी की सुविधा दे रहें हैं. ग्रामीण डाक सेवकों द्वारा छुट्टियों के दिन और कार्य अवधि के इतर भी कार्य किया जा रहा है जिससे आमजनों को सुदूर क्षेत्र में बैंकिंग सुविधा का लाभ मिल रहा है और काफी सरलता से पैसे की निकासी भी हो जा रही है. अगर कोई ग्राहक डाकघर तक आने में सक्षम नहीं हैं तो वे नजदीकी डाकघर या मुजफ्फरपुर प्रमंडलीय कार्यालय के कंट्रोल रूम से संपर्क स्थापित कर घर बैठे ही पैसे की निकासी की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं वो भी बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के. हमारे प्रमंडलीय कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का नंबर है:- 0621-2285522. कल अर्थात दिनांक 10.04.2020 को गुड फ्राइडे के कारण सभी बैंक, डाकघर और अन्य सरकारी संस्थाओं में राजपत्रित अवकाश था. इस राजपत्रित अवकाश के दिन भी मुजफ्फरपुर डाक प्रमंडल द्वारा 1353 खातों से रु. 56 लाख से अधिक की निकासी AePS के माध्यम से की गयी है. गत मार्च माह में मुजफ्फरपुर डाक प्रमंडल द्वारा 10 हजार से अधिक खातों से 7.25 करोड़ की निकासी AePS के माध्यम से की गयी है.
श्री राजदेव प्रसाद वरीय डाक अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने बताया कि श्री रविशंकर प्रसाद, माननीय संचार मंत्री, भारत सरकार इस विकट स्थिति में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के द्वारा जारी दी जा रही DBT की राशि को आमजनों तक डाकघरों के द्वारा लॉक डाउन का पालन करते हुए डोर टू डोर AePS के माध्यम से सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने हेतु केन्द्रीय एवं राज्य स्तर पर विशेष निगरानी रख रहे हैं.
श्री अशोक कुमार, पोस्टमास्टर जनरल, उत्तरी क्षेत्र, मुजफ्फरपुर स्वयं इस कार्य की प्राथमिकता के आधार पर देख रहे हैं. सभी स्तर के कर्मचारियों और अधिकारीयों को आवश्यक दिशा निर्देश देना, कोरोना संकट के बीच अपने अधीनस्थों को मास्क, सैनीटाइजर, ग्लव्स इत्यादि उपलब्ध कराना, कार्यालयों को सैनीटाइज करवाना इत्यादि को काफी सूक्ष्म स्तर से मॉनिटर कर रहे हैं. AePS और डोर टू डोर बैंकिंग के कार्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा न आ पाए, ग्राहकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसलिए क्षेत्रीय स्तर पर कंट्रोल रूम का संचालन किया जा रहा है. जिसका प्रतिफल है कि सभी ग्रामीण डाक सेवक सप्ताह के सातों दिन चौबीसों घंटे माइक्रो एटीएम से निकासी की सुविधा दे रहें हैं.
इस सेवा की उपलब्धता आमजन को सुलभ तरीके से मिले इसलिए बिहार सर्किल के चीफ पोस्टजनरल श्री अनिल कुमार के नेतृत्व पूरा बिहार सर्किल एकजुट होकर पूरी तन्मयता से कार्य कर रहा है. चीफ पोस्टमास्टर जनरल महोदय के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि मुजफ्फरपुर डाक प्रमण्डल AePS के कार्य में अप्रैल माह में अभी तक हुए कार्य में पूरे भारतवर्ष में दूसरे स्थान पर है.
श्री अनिल कुमार, पोस्टमास्टर जनरल और श्री शंकर प्रसाद, निदेशक डाक सेवाएं विशेष तौर पर सभी अधिकारीयों एवं कर्मचारियों को समय समय पर मार्गदर्शन दे रहें हैं.
श्री राजदेव प्रसाद, वरीय डाक अधीक्षक, मुजफ्फरपुर प्रमंडल, मुजफ्फरपुर डाक प्रमंडल के तमाम नागरिकों से यह अपील करते हैं कि वे डाकघर की AePS सुविधा का लाभ उठाएं. वरीय डाक अधीक्षक प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, उज्ज्वला योजना के लाभुकों, जनधन खाताधारकों, राशन कार्ड धारकों, अन्य DBT के लाभुकों से विशेष आग्रह करते हैं कि वे AePS के माध्यम से इन सभी योजनाओं की राशि अपने नजदीकी CBS डाकघर से प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर हमारे कंट्रोल में संपर्क करें. वरीय डाक अधीक्षक

मुजफ्फरपुर प्रमंडल, मुजफ्फरपुर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.