Breaking News

‘आनंद मोहन बेकसूर थे…हमने अदालत का सम्मान किया’:बाहुबली की पत्नी लवली आनंद बोलीं- राम जी की तरह खत्म हुआ वनवास

बाहुबली आनंद मोहन की आज सहरसा कोर्ट से रिहाई हो गई है। उनकी पत्नी लवली आनंद ने कहा कि आनंद मोहन बेकसूर थे। हमने अदालत के फैसले का सम्मान किया। राम जी की तरह ही उनका भी 14 साल का वनवास खत्म हुआ है।

हम ईश्वर, बिहार सरकार और अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हैं। खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकते…जी कृष्णैया की हत्या का हमें भी दर्द है। अगर यह घटना आनंद मोहन के सामने होती तब वे कभी ऐसा नहीं होने देते। हम उनकी रक्षा करने की पूरी कोशिश करते।

जेल मैनुअल में बदलाव के बाद बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह गुरुवार सुबह 6.15 बजे सहरसा जेल से रिहा कर दिए गए। बताया जा रहा है कि भीड़ जमा होने की आशंका की वजह से यह रिहाई सुबह की गई। इसके लिए रात में ही सारी कागजी प्रक्रिया पूरी हो गई थी। DM जी कृष्णैया की हत्या के केस में पूर्व सांसद को उम्रकैद की सजा हुई थी। 16 साल बाद उनकी रिहाई हुई है।

26 अप्रैल को उन्होंने 15 दिन की पैरोल खत्म होने के बाद सरेंडर किया था। पैरोल सरेंडर होते ही जेल में रिहाई की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। वहीं, बाहुबली आनंद की रिहाई को भव्य बनाने की तैयारी है। आज दिन में 15 से 20 किमी तक रोड शो की तैयारी है।

कृष्णैया की पत्नी उमा ने भी उठाए सवाल

वहीं, जी कृष्णैया की पत्नी उमा सदमे में हैं। वह कहती हैं- ऐसा वोट बैंक की राजनीति के लिए किया जा रहा है। वह रिहाई को खुद के साथ अन्याय बताती हैं। पहले दोषी को फांसी की सजा हुई थी, फिर उसे उम्रकैद में बदल दिया गया। अब सरकार उसकी रिहाई करा रही है। ये बिल्कुल सही नहीं है।

सरकार को अपने फैसले पर दोबारा सोचना चाहिए।- जी कृष्णैया की बेटी पदमा

नीतीश सरकार ने गलत उदाहरण पेश किया- पदमा

आनंद मोहन की रिहाई पर डीएम जी कृष्णैया की बेटी पदमा ने नाराजगी जताई है। हैदराबाद में उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को अपने इस फैसले पर दोबारा सोनचा चाहिए। सरकार ने एक गलत उदाहरण पेश किया है। ये सिर्फ एक परिवार के साथ अन्याय नहीं है, बल्कि देश के साथ अन्याय है। उनकी बेटी ने रिहाई के खिलाफ अपील करने की भी बात कही है।

आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ हाईकोर्ट में PIL

आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ अमर ज्योति नामक एक युवक ने बुधवार को पटना हाईकोर्ट में PIL दायर किया है। कारागार अधिनियम 2012 को संशोधित कर सरकार ने जो अधिपत्र निकाला है। उसके खिलाफ याचिका दायर की गई है। अमर ज्योति (30) भोजपुर के पीरो का रहने वाले हैं। कोर्ट से सरकार की ओर से जारी उस अधिपत्र को निरस्त करने की अपील की है।

आनंद मोहन की रिहाई..IAS एसोसिएशन विरोध में उतरा

गोपालगंज के डीएम जी कृष्णैया की हत्या में बाहुबली आनंद मोहन की रिहाई से बिहार की ब्यूरोक्रेसी में खलबली है। IAS एसोसिएशन भी विरोध में उतर आया है। IAS एसोसिएशन ने सरकार से अपने फैसले पर फिर से विचार करने की अपील की है। उनका कहना है कि ऐसे फैसलों से अधिकारियों का मनोबल टूटेगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.