Breaking News

समय सीमा में होगा काम:मकान के नक्शे की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, निगम का नहीं लगाना होगा चक्कर

अब नगर निगम क्षेत्र में आवासीय व कॉमर्शियल मकान बनाने के लिए निगम का चक्कर लोगों को नहीं लगाना होगा। क्योंकि, निगम क्षेत्र में नक्शा पास कराने की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। अब नक्शे की स्वीकृति के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इससे बहुत हद तक नक्शा पास कराने को लेकर होने वाले भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। मंगलवार को मंगलवार को टाउन हॉल में वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसमें ऑनलाइन प्रक्रिया से आर्किटेक्ट और इंजीनियरों को अवगत कराया गया।

कमांड कंट्रोल बिल्डिंग में इस दौरान मेयर निर्मला साहू, डिप्टी मेयर डॉ. मोनालिसा, नगर आयुक्त नवीन कुमार और स्टैंडिंग मेंबर शामिल थे। ऑनलाइन करने वाले स्मार्ट सिटी के तकनीकी एक्सपर्ट की टीम ने इंजीनियरों के सवालों के जवाब दिए। ऑर्किटेक्ट इंजीनियरों को बताया गया कि ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से तय समय-सीमा के भीतर काम होगा। नक्शा पास कराने के लिए बेवजह नहीं भटकना होगा। लोगों की शिकायत निगम में अक्सर नक्शा शाखा को लेकर रहती थी। स्टैंडिंग मेंबर राजीव कुमार पंकूू का कहना है की शहर के लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से सुविधा बढ़ेगी। पारदर्शिता आएगी।

एसोसिएशन ऑफ प्रैक्टिसिंग इंजीनियर्स ने किया बहिष्कार

इधर, एसोसिएशन ऑफ प्रैक्टिसिंग इंजीनियर्स ने वर्कशॉप का बहिष्कार करते हुए निगम पर मनमानी का आरोप लगाया। जनरल सेक्रेटरी ईं. ब्रजेश्वर ठाकुर ने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया में प्रैक्टिसिंग इंजीनियर्स को शामिल नहीं करना मनमानी है। निगम से सबसे ज्यादा प्रैक्टिसिंग इंजीनियर्स ही जुड़े हैं। इसके बावजूद नहीं शामिल किया गया।

इधर, सफाई-जलजमाव व अतिक्रमण तक की शिकायत भी अब ऑनलाइन होगी

आपके मोहल्ले से कूड़ा नहीं उठ रहा है या डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए निगम का कोई स्टाफ नहीं आ रहा है तो इसकी शिकायत आप पब्लिक ग्रिवांस सेल में कर सकेंगे। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जिस एजेंसी ने शहर में सीसी कैमरा और ट्रैफिक सिग्नल लगाया है, उसी एजेंसी को पब्लिक ग्रिवांस सेल की भी जवाबदेही दी गई है। इसकी भी जल्द शुरुआत होगी।

नाला सफाई, जलजमाव, अतिक्रमण से लेकर अन्य तमाम तरह की शिकायत भी ऑनलाइन पब्लिक ग्रिवांस सेल पर दर्ज होगी। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि स्मार्ट सिटी के पब्लिक ग्रिवांस सेल से इसकी सूचना सिटी मैनेजर, सफाई प्रभारी और अतिक्रमण प्रभारी को सीधी भेजी जाएगी। नगर आयुक्त को भी अवगत कराया जाएगा। टालमटोल और बहानेबाजी की गुंजाइश कम रहेगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.