Breaking News

मौके पर मची अफरातफरी:मॉक ड्रिल में करोड़ों की पाइपलाइन फेल, आग बुझाने में फायरमैन झुलसा

अगलगी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इसके लिए संस्थानों में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। हालांकि, गुरुवार को एसकेएमसीएच में मॉक ड्रिल के दौरान अजीबोगरीब स्थिति हो गई। इससे अग्निशमन विभाग की टीम को भी जूझना पड़ा। कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। दरअसल, आपदा से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने अस्पताल कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान बीएमएसआईसीएल की ओर से करोड़ों की लागत से बनाई गई पानी की पाइपलाइन मॉक ड्रिल में फेल हो गई।

मॉक ड्रिल के समय पाइपलाइन से एक बूंद पानी नहीं निकला। इसके मेंटेनेंस के लिए दो इंजीनियरों को बुलाया गया। इंजीनियर ने जांच की। इसमें पाया कि पाइपलाइन में पूरा कचरा भरा था। इसके बाद अग्निशमन विभाग ने सिलेंडर और शॉर्ट सर्किट से लगी आग पर काबू पाने के तरीके के बारे मंे बताया। सिलेंडर में लगी आग बुझाने के दौरान अफरातफरी मच गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से दी गई चादर पतली होने की वजह से आग पर काबू नहीं पाया गया। किसी तरह फायरमैन ने दूसरे तरीके से आग पर काबू पाया।

झुलसे होने पर भी फायरमैन कृष्णा यादव ने दिया प्रशिक्षण

Iसिलेंडर में लगी आग बुझाने के दौरान फायरमैन कृष्णा यादव आंशिक रूप से झुलस गए। हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने प्रशिक्षण दिया। मौके पर अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार, अग्निशमन पदाधिकारी विनय प्रसाद सिंह, डॉ. विजय भारद्वाज, डॉ. अकील अहमद मुमताज, अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार साह, फायरमैन कृष्णा यादव, दीपक कुमार राय, बीबी सिंह, गंगा मेहरा, रेणु कुमारी आदि मौजूद थे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.