Uncategorized

ट्रेन पूरी पलट गई थी..अब बचने की उम्मीद नहीं थी:ओडिशा रेल हादसे में बिहार के 3 लोगों की मौ’त, 16 घायल; 1 लापता

ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में बिहार के 3 लोगों की भी मौत हुई है। 16 के घायल होने की अभी तक सूचना मिली है। इसमें सबसे ज्यादा पूर्वी चंपारण के 12 लोग घायल हैं। जमुई के भी 2 लोगों की मौत और 5 के घायल होने की जानकारी मिल रही है। एक लापता बताया जा रहा है।

हादसे में रक्सौल अनुमंडल के रामगढ़वा थाना इलाके के 8 लोग घायल हैं। यहां के भी एक शख्स की मौत हुई है। सभी मजदूर थे। काम के लिए केरल जा रहे थे।

हादसे में बचकर लौटे दानी चौपाल ने बताया कि मुझे लगा अब नहीं बचूंगा।

मामूली घायल यात्रियों को ट्रेन से हावड़ा लाया गया है। यहां से सभी को अपने-अपने घर भेजा रहा है। बिहार के दानी चौपाल ने बताया कि मैं एस-1 कोच में था। बचने की कोई उम्मीद नहीं थी, गाड़ी पूरी उलट गई थी। मैं बिहार से चेन्नई जा रहा था। मैं चेन्नई में एक कपड़ा दुकान में काम करता हूं।

रेल हादसे में मजदूर की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।

रेल हादसे में मजदूर की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।

45 हजार मांग रहे एंबुलेंस वाले

रक्सौल के चिकनी गांव निवासी भुवन पटेल के बेटे राजा पटेल की मौत हुई है। इसी गांव के आठ मजदूर और घायल हैं। सभी की उम्र 26 से 32 साल के बीच की है। मृतक के परिजनों ने कहा कि 1 जून को सभी केरल के लिए निकले थे। वहां पेंटर का काम करते हैं। सभी एक ही कोच में बैठे थे।

हादसे के बाद घायल मजदूरों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन कह रहे हैं कि सरकारी मदद नहीं मिल रही। शव लाने के लिए स्थानीय एंबुलेंस वाले 45 हजार रुपए किराया मांग रहे हैं। इतना भाड़ा कहां से लाएं।

एक साल पहले हुई थी शादी

मृतक राजा पटेल के पिता बुधन पटेल ने कहा कि एक साल पहले बेटे की शादी हुई थी। उसका एक बेटा भी है। घर में कमाने वाला सिर्फ वही था। अब परिवार और बच्चे का भरण-पोषण कैसे होगा। जब से हादसे की खबर मिली है, गांव में मातम का माहौल है। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।

बीमार बच्चे को देखने वापस आ रहे पिता की मौत

बालासोर हादसे में जमुई के चकाई के रहनेवाले 22 साल के राम किस्कू की मौके पर ही मौत हो गई है। वह गंभीर तौर पर बीमार अपने बच्चे को देखने के लिए वापस आ रहा था। राम की 3 साल पहले शादी हुई थी। 6 माह पहले उसे बेटा हुआ था। वह 2 हफ्ते पहले काम के सिलसिले में बेंगलुरू गया था।

1 जून को उसके बच्चे की हालत गंभीर होने की सूचना परिजनों ने दी। वह 2 जून को कोरोमंडल एक्सप्रेस से अपने कुछ साथियों के साथ घर लौट रहा था। साथ रहे पड़ोसी विकास किस्कू, श्यामल हेंब्रम और अजीत टूडू घायल हो गए हैं, जबकि प्रेम किस्कू का पता नहीं चल रहा है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। राम के परिवार वाले निजी वाहन के जरिए बालासोर रवाना हो गए हैं। राम के अलावा बरहट थाना इलाके के 20 साल के रणवीर कुमार उर्फ छोटू की भी मौत हुई है। उसके साथ रहे भतीजे गौतम और एक अन्य युवक मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.