MUZAFFARPUR

‘चिराग पासवान बन सकते हैं बिहार के मुख्यमंत्री’, अरुण भारती के बयान से लोजपा ने बढ़ाई नीतीश-भाजपा की टेंशन

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने अपने एक बयान से एनडीए में नई राजनीतिक सरगर्मी पैदा कर दी है। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोजपा (रामविलास) भी अन्य क्षेत्रीय दलों की तरह राज्य की सबसे बड़ी ताकत बनने का सपना देख रही है और उसी दिशा में काम कर रही है। कार्यक्रम में जब चिराग पासवान को मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे के रूप में प्रस्तुत किए जाने पर सवाल पूछा गया, तो अरुण भारती ने कहा,”हमारी पार्टी चाहती है कि चिराग पासवान बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएं। यह भी संभव है कि आने वाले समय में वह मुख्यमंत्री बनें।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजनीति संभावनाओं और जनआशीर्वाद का खेल है, जिसे जनता समर्थन देगी, वही सत्ता में आएगा।

भाजपा से सीख रही लोजपा (रा)

भारती ने भाजपा का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी भाजपा भी बिहार की राजनीति में एक छोटी पार्टी थी, लेकिन समय के साथ वह सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी। ठीक उसी तरह लोजपा भी आगे बढ़ने का माद्दा रखती है। अरुण भारती ने इसके पहले भी लोजपा (रा) को सम्मानजनक सीटें देने की मांग कई मौकों पर की हैं। यहां तक कि उन्होंने बिहार की सभी 243 सीटों पर अपनी पार्टी की मजबूती दावेदारी होने की भी बातें कही हैं। अब बिहार में सीएम चेहरे के रूप में चिराग पासवान का नाम उछालना एक बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

सीट बंटवारे पर बड़ा दांव 

सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपनी बात एनडीए नेतृत्व के समक्ष रख दी है और जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोजपा (रामविलास) हमेशा से बिहार की जनता की आवाज उठाती रही है और गठबंधन में भी मजबूती से अपनी बात रखती है। अरुण भारती ने गठबंधन धर्म को लेकर कहा कि सहयोगी दलों के बीच संवाद होना बेहद जरूरी है। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए।

नीतीश -भाजपा की बढ़ेगी टेंशन 

बिहार में एनडीए को मजबूत रखने के लिए लगातार भाजपा औरजदयू की ओर से कई किस्म की बयानबाजी की जाती रही है. अब चिराग पासवान के सीएम बनाने के अरुण भारती के बयान से नीतीश और भाजपा दोनों की टेंशन बढ़ सकती है. इससे एक ओर जहां सीट बंटवारा में चिराग दबाव बनाने में सफल होंगे। वहीं वर्ष 2020 में चिराग ने अकेले चुनाव लड़कर नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के उम्मीदवारों को कई सीटों पर झटका दिया था। ऐसे में जब नीतीश को एनडीए की ओर से सीएम का चेहरा माना जा रहा है, उस समय चिराग के सीएम बनाने से जुड़ा बयान नीतीश कुमार की चिंताओं को बढ़ा सकता है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.