BIHARMUZAFFARPURSTATE

‘धुरंधर-2 मूवी देखकर लौट रहे थे तभी पुलिस ने पकड़ लिया..’ बिहार पुलिस का थर्ड डिग्री टॉर्चर !

सीतामढ़ी : रणवीर सिंह की सुपरहिट मूवी धुरंधर-2 देखना दो युवकों को महंगा पड़ गया. फिल्म देखकर लौटते समय दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया और सीतामढ़ी के सुप्पी थाने ले जाकर खूब थर्ड डिग्री टॉर्चर किया. युवकों ने सुप्पी थाने की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

युवकों को धुरंधर-2 देखना महंगा पड़ा

युवकों के शरीर पर डंडे के निशान हैं. उन्होंने मौजूद मीडियाकर्मियों को दिखाया कि किस तरह से सुप्पी थाने की पुलिस ने उनके साथ बर्बरता की है. युवकों का आरोप है कि शहर से फिल्म देखकर गांव की ओर लौट रहे थे तभी रास्ते में पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बेरहमी से पिटाई की.

थाने में ले जाकर दी थर्ड डिग्री 

पुलिस की पिटाई में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें सीतामढ़ी सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. दोनों युवकों ने बताया कि उन्हें हाजत में बंद करके पीटा जा रहा था. दो पुलिसवालों ने उनके हाथ पैर बांधकर लाठी से पीट रहे थे. कह रहे थे कि गुनाह कबूल करो.

जबरदस्ती कबूल करवाना चाहती थी पुलिस 

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस समय दोनों युवकों को हाजत में बंद कर पीटा जा रहा था, उसी दौरान एक कथित चोर को भी पुलिस ने हाजत में रखा हुआ था. आरोप है कि उस चोर की भी बेरहमी से पिटाई की गई और उस पर दबाव बनाया गया कि वह यह कबूल करे कि वह इन दोनों युवकों को जानता है.

लोगों में पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ गुस्सा

मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और परिवार में पुलिस के प्रति आक्रोश है. लोगों ने पुलिसिया बर्बरता पर न्याय की मांग की है. पीड़ित युवकों ने बताया कि उन्हें पुलिस के द्वारा जान से मारने की भी धमकी दी गई थी. इस घटना के सामने आने के बाद सुप्पी पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. सवाल ये भी कि वो कौन पुलिसवाले थे जिन्होंने इनको इतनी बुरी तरह से पीटा?

‘गलतफहमी में दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया’ 

इस मामले में जब सीतामढ़ी के डीएसपी-1 राजीव कुमार से बात की गई तो उन्होंने जांच का आश्वासन दिया और पिटाई की घटना को पुलिस की गलतफहमी बताया. उनका कहना है कि दोनों युवकों को पुलिस ने गलतफहमी में गिरफ्तार कर लिया था लेकिन थर्ड डिग्री टार्चर वाले बयान पर उन्होंने कहा कि वह जांच करवाएंगे अगर पुलिसिया बरबरता की बात सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.