बिहार: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पटना पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान उन्होंने देशवासियों और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचने के बाद पटना महानगर की ओर से बेली रोड स्थित चटखारा फ़ूड कोर्ट में आयोजित होली मिलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस समारोह में लोगों ने जमकर अबीर और गुलाल उड़ाए। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने सभी भेदभाव भुलाकर रंग, उमंग और उत्साह के बीच होली का पावन पर्व मनाया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का त्योहार हमारे सामाजिक जीवन की सांस्कृतिक धरोहर है और रंगों की तरह विविधता में एकता हमारी पहचान है। यह केवल एक सामान्य होली उत्सव नहीं बल्कि सदियों पुरानी विरासत का जीवंत दस्तावेज है।

उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज होली है इसलिए आज भाषण देने का नहीं, बल्कि गाने सुनने का दिन है। जैसे ही पटना में राम खेले होली गाना बजा, नितिन नवीन खुद को रोक नहीं पाए और तालियां बजाते हुए फूलों की वर्षा करने लगे।

इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ-साथ पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, संजय मयूख, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता सहित कई नेता प्रदेश भाजपा और महानगर भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इन नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने भी जमकर होली खेली और खुशियां मनाईं।




Leave a Reply