पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र के मोहनी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पिछले एक साल से फर्जी थाना संचालित हो रहा था. इस फर्जी थाने के जरिए मुख्य आरोपी राहुल कुमार साह ने ग्रामीण युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की.

फर्जी पुलिस बन युवाओं से ठगी
बताया जा रहा है कि युवाओं से ग्रामीण रक्षा दल के नाम पर सिपाही और चौकीदार की भर्ती के लिए 2500 से 5000 रुपये तक वसूले गए. मामला उजागर होने के बाद राहुल फरार हो गया है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं अब स्थानीय प्रशासन की अनदेखी और संदिग्ध भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.

फर्जी वर्दी, वाहन जांच और अवैध वसूली का खेल
राहुल कुमार साह ने युवाओं को पुलिस की वर्दी, लाठी और फर्जी पहचान पत्र देकर वाहन जांच और शराब तस्करी के खिलाफ छापेमारी जैसे काम करवाए.

ठगी के शिकार छात्र-छात्राओं ने बताया कि राहुल के आदेश पर वे गेरूआ घाट और गांधी घाट पुल पर वाहन जांच करते थे और 400 रुपये तक का चालान काटते थे.

शराब तस्करी और फर्जी थाने का संचालन
राहुल ने मोहनी पंचायत के मध्य विद्यालय बेतौना को फर्जी थाना बनाया, जहां शराब तस्करों से अवैध वसूली की जाती थी. जब्त वाहनों और शराब को छोड़ने के लिए रिश्वत ली जाती थी. पीड़ितों ने बताया कि गस्ती के लिए सीएनजी ऑटो का इस्तेमाल होता था, जिसमें चालक वर्दी में रहता था. पुलिस अब इस ऑटो के मालिक और राहुल के सहयोगियों की तलाश में है.

स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल: हैरानी की बात है कि यह फर्जी थाना महीनों तक चलता रहा, लेकिन स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी. स्थानीय मुखिया श्याम सुंदर उरांव और उनके भतीजे सिणोद उरांव भी इस फर्जी थाने से जुड़े थे.

मुखिया ने गणतंत्र दिवस समारोह में फर्जी सिपाहियों और चौकीदारों को सम्मानित किया. कई जनप्रतिनिधियों ने भी इस थाने के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं था.

कसबा विधायक ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और कसबा विधायक मो. अफाक आलम ने पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. विधायक ने सफेदपोश लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई और विशेष जांच की मांग की.

भंडाफोड़ होने के बाद से फरार हुआ राहुल
कसबा थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि मामले के सामने आने के बाद कसबा पुलिस ने राहुल कुमार साह की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है.

राहुल के परिवार को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया है कि वह थाने में हाजिर हो, अन्यथा कुर्की की कार्रवाई होगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के अन्य सहयोगी कौन हैं और इसका मुख्य सरगना कौन है.



Comment here