Breaking News

पतंजलि योग पीठ में बुकिंग के नाम पर फ्रॉड:मुजफ्फरपुर के व्यवसाई को साइबर गिरोह के शातिरों ने लगाया 67 हजार का चूना

साइबर फ्रॉड गिरोह के शातिरों ने पतंजलि योग पीठ में बुकिंग के नाम फ्रॉड कर लिया। घटना मुजफ्फरपुर के औराई थाना के राजखण्ड गांव के व्यवसाई पंकज कुमार के साथ घटी है। जब उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने औराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानेदार शशिभूषण कुमार ने बताया की घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित व्यवसाई ने बताया की वे और उनकी पत्नी उत्तराखंड स्थित पतंजलि योग पीठ में कुछ दिन बिताने की सोच रहे थे। जब सबकुछ तय हो गया तो उन्होंने इंटरनेट पर से पतंजलि योगपीठ का नंबर लेने की कोशिश की। सर्च के दौरान एक लिंक मिला। जिसे देखकर लगा की यह असली पतंजलि है। इसपर बाबा रामदेव की तस्वीर के साथ तमाम प्रकार की जानकारियां थी।

व्यवसाई ने अपना नाम और नंबर डाला

व्यवसाई ने बताया की इसपर नाम और नंबर डालने का ऑप्शन था। तभी वे हमसे संपर्क करते। उन्होंने नाम और मोबाइल नंबर डाल दिया। दो दिन बाद वहां से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पतंजलि योगपीठ का कार्यकर्ता बताया। व्यवसाई से फॉर्मल जानकारी की। इसके बाद रूम बुकिंग करने से लेकर वहां लगने वाले चार्ज का कई पैकेज भेजा।

ऑनलाइन भुगतान करने को कहा

व्यवसाई ने एक पैकेज पसंद किया और इसे फाइनल करने की बात कही। सामने से रजिस्ट्रेशन चार्ज समेत बुकिंग फी की बात कही गई। उन्हे ये रुपए ऑनलाइन भेजने को कहा गया। शातिर ने कहा की अगर बुकिंग नहीं कराएंगे तो फिर मुश्किल होगा। व्यवसाई ने तीन बार ने 67 हजार आठ सौ 22 रुपए ट्रांसफर कर दिए। पांच जनवरी की बुकिंग तय हुई। दोनों पति पत्नी जाने की तैयारी में जुट गए।

दूसरे व्यवसाई ने फ्रॉड की दी जानकारी

एक जनवरी को एक परिचित से इसकी चर्चा की। उन्होंने बताया की कन्फर्म कर लीजिए की आपका बुकिंग हुआ है या नहीं। क्योंकि पुपरी के एक व्यवसाई के साथ इसी तरह से कुछ दिन पहले फ्रॉड हुआ था। व्यवसाई पंकज को संदेह हुआ। उन्होंने कहीं से पतंजलि योगपीठ के नंबर का जुगाड किया। फिर वहां कॉल किया। वहां से जो जानकारी मिली। उसे सुनकर स्तब्ध रह गए। बताया गया की आपके नाम से कोई बुकिंग नहीं है। फिर बैंक का नाम और अकाउंट नंबर पूछा गया। व्यवसाई ने इसकी जानकारी दी। वहां से बताया गया की पतंजलि योगपीठ का ऐसा कोई अकाउंट नहीं है। आपके साथ किसी ने फ्रॉड किया है। तब जाकर व्यवसाई ने औराई थाने में शिकायत दर्ज कराई।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.