Breaking News

सुपौल अब तक कोरोना मुक्त, नए वेरिएंट से हलचल बढ़ी:अब ​​​​​​​एंटीजेन कीट से कोरोना जांच नहीं

कोरोना के नए वेरिएंट के मिलने से स्वास्थ्य महकमा में हलचल बढ़ गई है। विभागीय अधिकारी भी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। इस बीच तैयारी को लेकर सुपौल सिविल सर्जन डॉ. मिहिर कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में कोविड-19 के फिलहाल एक भी एक्टिव केस नही हैं। विभाग की ओर से नए वैरिएंट को लेकर कोई नया दिशानिर्देश नहीं मिला है।

सुपौल सदर अस्पताल में बना दो ऑक्सीजन प्लांट चालू है। इससे ऑक्सीजन की सप्लाई में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है,जबकि वेंटिलेटर की सुविधा बहाल करने के लिए अब तक दो बार विभाग को पत्र लिखा जा चुका है। एनेस्थेटिक के प्रतिनियुक्ति का इंतजार है। इसके बाद ही वेंटिलेटर की सुविधा बहाल की जा सकेगी। हालांकि नेपाल का सीमावर्ती जिला होने के कारण लोगों को एहतियात बरतना चाहिए। आम लोग को मास्क का प्रयोग करें, सैनिटाइजर का प्रयोग करें।

सिविल सर्जन डॉ. मिहिर कुमार वर्मा ने बताया कि लोगों को पूर्व के कोविड 19 के दौरान बरते गए ऐहतियात जैसे भीड़ वाले जगहों से बचना चाहिए। मास्क का प्रयोग करना चाहिए। सैनिटाइजर का प्रयोग भी करना चाहिए। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से कहा गया है कि अब एंटीजन किट से कोविड जांच नहीं होगी। केवल आरटीपीसीआर जांच किया जाना है। हालांकि जिले में अब भी रोजाना करीब 700 लोगों का कोविड जांच की जा रही है।

वैक्सीन लेने में पुरुषों से आगे रहीं महिलाएं।जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. सीके प्रसाद ने कहा कि जिले में कोविड 19 का वैक्सीनेशन काफी हद तक पूरा हो चुका है। जिले में अब तक 16 लाख 61 हजार 390 लोगों को पहला डोज दिया गया है, जबकि 15 लाख 39 हजार 872 को दूसरा डोज दिया जा चुका है, जबकि 02 लाख 97 हजार 942 लोगों ने बूस्टर डोज लिया है। इसमें कुल 15 लाख 51 हजार 574 पुरुषों एवं 16 लाख 48 हजार 358 महिलाओं ने कोविड 19 वैक्सीन का डोज लिया है।

इसी तरह 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 01 लाख 94 हजार 900 किशोरों को डोज दिया गया है। इसके अलावा 15-17 वर्ष के 02 लाख 73 हजार 376 लोगों ने वैक्सीन का डोज लिया है। जबकि 18 से 44 आयु वर्ग के कुल 17 लाख 80 हजार 406 लोगों को वैक्सीन लगाया गया है। 45 से 60 आयु वर्ग के 05 लाख 68 हजार 023 लोगों ने

डोज लिया है। इन सबके 60 वर्ष से अधिक आयु के कुल 04 लाख 49 हजार 870 लोगों ने डोज लिया है। जिसमें कुल 28 लाख 45 हजार 263 डोज कोविड शील्ड का दिया गया है। जबकि 04 लाख 16 हजार 203 को-वैक्सीन एवं 01 लाख 97 हजार 900 कोरवैक्स का डोज दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.