अयोध्या से जनकपुर के बीच, पूर्वी चंपारण के केसरिया स्थित कैथवलिया में विराट रामायण मंदिर का निर्माण दिसंबर में शुरू होगा। यहीं छह महीने के भीतर दुनिया के सबसे बड़े व 33 फीट ऊंचे शिवलिंग की स्थापना होगी। मंदिर का उद्घाटन 2024 में होगा और दर्शन-पूजन शुरू हो जाएगा। महावीर मंदिर ट्रस्ट के सचिव आचार्य किशोर कुणाल के अनुसार पहले पाइलिंग का काम शुरू होगा। प्लिंथ तक आकर काम रोक दिया जाएगा। फिर शिवलिंग की स्थापना होगी, तब छत का निर्माण शुरू होगा।
शिवलिंग के लिए तमिलनाडु के त्रिचुरापल्ली जिले की पहाड़ी से ग्रेनाइट की एक चट्टान ली गई है। करीब 250 मीट्रिक टन वजनी इस चट्टान को 156 चक्के और 122 फीट लंबी लॉरी से महाबलीपुरम पहुंचाया गया है। जहां से तराशने के बाद इसे कैथवलिया लाने में डेढ़ महीने का समय लगेगा। ऐसा इसलिए कि ट्रक की स्पीड 5 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। वजन से कहीं सड़क न धंस जाए, इसलिए चकिया से कैथवलिया तक 12 किलोमीटर विशेष तकनीक से सड़क व पुल-पुलिया भी बनेगी।
शिवलिंग की ऊंचाई व गोलाई 33 फीट; वजन 250 एमटी, 156 चक्के वाले ट्रक से पहुंचेगा
अभी विश्व के सबसे ऊंचे शिवलिंग यहां
1. तंजौर में वृहदेश्वर मंदिर में 27 फीट का शिवलिंग विश्व में सबसे ऊंचा है।
2. भोपाल से 65 किमी दूर भोजपुर मंदिर में 20 फीट ऊंचा शिवलिंग है।
1400 : साल बाद हो रहा है विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने वाले सहस्रलिंगम का निर्माण।
800 : ई. तक ही चोल राजाओं द्वारा सहस्रलिंगम के निर्माण की जानकारी मिलती है।
ऊपर पंचानन व नीचे 1008 सहस्रलिंगम
विराट रामायण मंदिर के शिवलिंग की गोलाई 33 फीट और ऊंचाई भी 33 फीट होगी। यह महाबलीपुरम में बन रहा है। सबसे ऊपर शिव के पांच मुख (पंचानन) होंगे और नीचे 1008 सहस्रलिंगम उत्कीर्ण किए जा रहे हैं।
रामेश्वरम के कांसेप्ट पर मंदिर
भगवान राम ने लंका जाने से पहले रामेश्वरम में शिव की पूजा की थी। विराट रामायण मंदिर उसी कांसेप्ट पर बनेगा। राम के साथ लक्ष्मण, सीता, हनुमान, आदि की आदमकद मूर्तियां भी यहां स्थापित होंगी। अशोक वाटिका का दृश्य भी साकार होगा। मूर्तियों के साथ नंदी व अरघा का निर्माण भी जयपुर में हो रहा है।
विराट रामायण मंदिर
- 120 एकड़ में बनेगा मंदिर
- 15 शिखर मंदिर में होंगे
- 270 फीट का ऊंचा एक शिखर
100 एकड़ से ज्यादा जमीन मंदिर को मिल चुकी है और 20 एकड़ की रजिस्ट्री बाकी है। प्लांट बैठाने का काम चल रहा है। हाल ही में मंदिर के आर्किटेक्ट पीयूष सोमपुरा ने साइट विजिट किया है।





Comment here