दरभंगा जाले प्रखंड के रतनपुर पंचायत स्थित श्री चैतन्य कुटी में भगवान श्रीकृष्ण की प्रेयसी श्री राधारानी का जन्मोत्सव धूमधाम से रविवार को मनाया गया। ग्रामीण सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्र, दूसरे राज्य व देश से आए श्रद्धालुओ की टोली भक्ति-भाव एवं समर्पण के साथ झुमती रही। सुबह सवेरे कुटी परिसर से घड़ी-घंटे की आवाज निकलते हीं परिसर में वैष्णवजन एवं श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीराधा रानी का प्रकाट्य होते हीं कुटी परिसर एवं आसपास का इलाका जय जय श्री राधे के जयकारे से गुंजायमान हो उठा। गौड़ीया संप्रदाय के जगद्गुरु श्री राधा बल्लभ दास जी महाराज की देखरेख में श्री राधारानी एवं भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक हुआ। अभिषेक के बाद आरती हुई।/
69वां श्रीराधाष्टमी महोत्सव
गौरतलब है कि रतनपुर पंचायत का श्री चैतन्य कुटी उत्तर बिहार के गौड़ीय संप्रदाय से जुड़े वैष्णवजनों की भक्ति साधना की गतिविधियों का सबसे बड़ा धार्मिक स्थल है। यहां विते 1954 ई. से प्रतिवर्ष श्रीराधा रानी का प्रकाट्य उत्सव मनाया जाता है। इसमें देश व विदेश से हजारों शिष्य जुटते हैं। इसबार भी मिथिलांचल के विभिन्न जिले सहित उत्तर प्रदेश और नेपाल के लगभग दस हजार शिष्यों की टोली ने प्रकाट्य उत्सव का आनंद उठाया। ग्रामीण विधि व्यवस्था कायम रखने में जुटे रहे।
साधु संतो व कलाकारों ने बांधा समा
मिथिलांचल के प्रसिद्ध लोक गायक कुंज बिहारी व दिनेश मंडल सहित अन्य कलाकारों ने ‘आजु तो बधाई बाजे द्वारे भानु राय के…., सब मिली आओरी सजनी, बरीहा” मंगल गाइए… ‘ आदि बधाई गीतों की झड़ी लगा दी। श्रद्धालु यथासाध्य बधाईयां भी लूटा रहे थे। बधाई लुटाने वालों में साधु संत भी पीछे नहीं रहे। इस मौके पर कुटी परिसर वैष्णव जनों एवं श्रद्धालुओं से भरा हुआ था। आपराह्न से अयोध्या, वृंदावन, नेपाल, जनकपुर आदि तीर्थस्थलों से आए साधु संतों ने कथाएं कही और विभिन्न कलाकारों की ओर से भजन गीतों का दौड़ चलता रहा। महोत्सव को लेकर रतनपुर गांव में पिछले पांच दिनों से उत्सवी माहौल है।







Comment here