बिहार के अलग-अलग जिलों में हर दूसरे दिन किसी ना किसी सीएसपी संचालक से लूट की खबरें देखने को मिलती हैं। शुक्रवार को ही कटिहार जिले में दिनदहाड़े बदमाशों ने सीएसपी संचालक को गोली मार कर 10 लाख रुपये लूट लिए। वहीं सहरसा में भी बदमाशों ने सीएसपी संचालक से हथियार के बल 1 लाख 89 हजार नगदी, लैपटॉप, सोने की चेन व अंगूठी लूट लिया। सबसे बड़ा सवाल उठता है कि आखिर बदमाशों के निशाने पर आए दिन सीएसपी संचालक कैसे आ जाते हैं?
इस संबंध में जब गोपालगंज सदर एसडीपीओ संजीव कुमार से लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने बात की तो उन्होंने बताया कि सीएसपी संचालक अपने दफ्तरों में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाते हैं। यह सुरक्षा की दृष्टि से सबसे बड़ी चूक है। कहीं पर ही ये अपना दफ्तार खोल लेते हैं। उदाहरण देते हुए एसडीपीओ ने कहा कि मान लीजिये कि किसी सीएसपी दफ्तर में कोई ग्राहक कैश निकालने के लिए पहुंचता है। उस वक्त ऑफिस में उतना कैश नहीं है तो सीएसपी संचालक ग्राहक को बैठाता है और बैंक से रुपये निकालने के लिए या तो खुद निकल जाता है या फिर किसी अपने आदमी को भेज देता है। कई बार इसकी भनक अपराधियों तक पहुंच जाती है और वो लूट की वारदात को अंजाम दे देते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी सीएसपी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि जब भी लंबी रकम निकालने के लिए आप बैंक जाएं तो इसकी सूचना संबंधित थाने को अवश्य दें लेकिन ऐसा होता नहीं है। सीएसपी संचालकों की ओर से बरती गई लापरवाही का फायदा अपराधी आसानी से उठा लेते हैं।



Comment here