देश के रक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने चिराग पासवान से मंगलवार को फोन पर बात की. दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक फोन पर बात हुई. इस दौरान राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एलजेपी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से बीजेपी के उम्मीदवार को समर्थन देने का आग्रह किया.
रक्षा मंत्री ने चिराग पासवान से कहा कि वह एनडीए का हिस्सा हैं और आगे भी रहेंगे. राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चाहते हैं कि चिराग एनडीए में ही रहें.
यह बताना भी जरूरी है कि कुछ दिन पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी फोन पर बात की थी. कहा जाता है कि राजनाथ सिंह ने नीतीश कुमार से राष्ट्रपति चुनाव में जेडीयू का समर्थन मांगा था. वैसे भी इस राष्ट्रपति चुनाव में जेडीयू की भूमिका काफी अहम है.
गौरतलब है कि वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को समाप्त हो रहा है. राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है. 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है. वहीं, अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को वोटिंग होगी. पिछली बार 17 जुलाई 2017 को राष्ट्रपति चुनाव हुआ था.






Comment here