Breaking News

बिहार में मानसून का करना होगा इंतजार! केरल में 4 दिन देरी से आएगा मानसून, बिहार में 2 से 4 दिन की होगी देरी

बिहार में मानसून आने में अब देरी होगी। इसमें 2 से 4 दिन की देरी हो सकती है। इसका बड़ा कारण केरल में मानसून के सेट नहीं होना है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी मानसून अभी साउथ वेस्ट अरबियन समुद्र के कुछ भाग में पहुंचा है। मौसम विभाग की माने तो मानसून के केरल तक पहुंचने में 4 दिन की देरी हो जाएगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान 27 मई तक मानसून के केरल में फिक्स होगा।

मौसम विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस बार 4 दिनों की देरी मानसून के शिफ्ट होने में लग सकता है। ऐसे में बिहार में भी 2 से 4 दिनों की देरी हो सकती है। बिहार में मानसून को लेकर 13 से 15 जून के बीच का समय फिक्स है। पिछले सीजन में मानसून पूर्वानुमान के एक दिदन पहले ही बिहार में आ गया था लेकिन इस बार दो से 4 दिनों की देरी का पूर्वानुमान है।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अभी मानसून का फिक्स होने का कुछ निश्चित नहीं होता है, इसमें अभी पूर्वानुमान 4 दिन देरी का है। इसमें समय थोड़ा आगे पीछे भी हो सकता है। बिहार में मानसून के देरी से आने का पूरी तरह से पूर्वानुमान है।

नौतपा में इस बार नहीं तपेगा बिहार

नौतपा में इस बार बिहार नहीं तपेगा। ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि यानी 25 मई से सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर गए हैं। इसके बाद से ही 9 दिनों के लिए नौतपा शुरू हो गया है। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में 8 जून तक रहने तक धरती तपती है, लेकिन इस बार मौसमी कारकों का संयोग प्रचंड गर्मी वाला नहीं बन रहा है।

नवतपा का दूसरा दिन है, लेकिन राज्य में तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट किया गया है। आइए जानते हैं इस बार नौतपा का बिहार में क्या होगा असर।

9 दिनों तक बढ़ जाता है तापमान

ज्योतिष विद्वान डॉ श्रीपति त्रिपाठी का कहना है कि सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही धरती पर आग बरसने जैसे हालात हो जाते हैं। ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि को हर साल यह संयोग बनता है। नौतपा में 9 दिनों तक सूरज की तपिश बढ़ जाती है। इस दौरान तापमान बढ़ने से गर्मी, आंधी, तूफान आने की संभावना भी सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक होती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य 25 मई से लेकर 8 जून तक रोहिणी नक्षत्र में रहते हैं, यही समय नौतपा का होता है।

अगर बारिश हुई तो मानसून में सूखा

ऐसी मान्यता है कि ज्येष्ठ माह में सूर्य के वृष राशि के 10 अंश से 23 अंश 40 कला तक नौतपा कहलाता है। इस दौरान तेज गर्मी रहने पर बारिश के अच्छे योग और कम तपन पर बारिश में कमी का पता चलता है। पंडित श्रीपति त्रिपाठी का कहना है कि ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष में आद्रा नक्षत्र से लेकर दस नक्षत्रों में यदि बारिश हो तो वर्षा ऋतु में इन दसों नक्षत्रों में बारिश नहीं होती, यदि इन्हीं नक्षत्रों में तीव्र गर्मी पड़े तो बारिश अच्छी होती है। चंद्रमा जब ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष में आर्द्रा से स्वाति नक्षत्र तक अपनी स्थितियों में हो एवं इसके साथ ही अधिक गर्मी पड़े, तो वह नौतपा है। रोहिणी नक्षत्र के दौरान अगर बारिश हो जाती है तो इसे रोहिणी नक्षत्र का गलना भी कहा जाता है।

ज्योतिषीय कारणों से जानिए असर

  • सूर्य देव के रोहिणी नक्षत्र में जाने के बाद 5 कारण अहम।
  • सूर्य तेज और प्रताप का प्रतीक है जबकि चंद्रमा शीतलता का प्रतीक है।
  • रोहिणी नक्षत्र का मुख्य रूप से अधिपति ग्रह चंद्रमा को माना जाता है।
  • सूर्य जब चंद्रमा के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है तो, वह नक्षत्र को अपने प्रभाव में ले लेता है।
  • सूर्य को रोहिणी नक्षत्र में प्रभाव में आने के बाद तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।
  • सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में आने से तापमान बढ़ जाता है और इस कारण धरती पर आंधी, तूफान बढ़ जाता है।

जानिए क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है। इस दौरान सूर्य की तपिश दिखाई देगी। लेकिन नौतपा के पहले दिन ही राज्य में कई स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम भागों के अनेक स्थानों पर, दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर और उत्तर मध्य एवं उत्तर पूर्व भागों के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की गई।

इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस डेहरी में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नौतपा में 30 मई तक बारिश और आंधी तूफान का पूर्वानुमान है। इस दौरान अगर बारिश होती है तो नौतपा के कारण मानसून में बरसात कम होगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश को लेकर अलर्ट किया है।

राज्य में नौतपा में बारिश का संयोग

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह जारी है। राज्य के 8 से 10 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं मौसम को प्रभावित कर रही हैं। इसके साथ ही एक उत्तर दक्षिण ट्रफ रेखा पूर्वी बिहार से उत्तरी आंध्र प्रदेश के समुद्र तट तक झारखंड एवं ओडिशा से होकर गुजर रही है।

इन मौसमी कारकों के प्रभाव से अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भागों दक्षिण पूर्व भागों के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। इसके साथ ही उत्तर पूर्व एवं दक्षिण पूर्व भागों के एक दो स्थानों गरज और बिजली चमकने के साथ साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे की हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि भी देखी जा सकती है। हालांकि पटना में गुरुवार को सुबह से ही तेज गर्मी है, प्रचंड धूप सुबह से ही दिखाई दे रही है। लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। ऐसे में नौतपा की बारिश को मानसून के लिए अनुकूल प्रभाव देने वाला बताया जा रहा है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.