Breaking News

मुजफ्फरपुर : केस के अनुसंधान में 500 घूस मांग रहा था ASI, चाय नाश्ते की दुकान पर नोट लेते दिखा

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना में तैनात ASI गोवर्धन राम का 500 रुपये रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें स्पष्ट दिख रहा है कि वे एक युवक से घूस ले रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामला SSP जयंतकांत के संज्ञान में आया। उन्होंने DSP वेस्ट अभिषेक आनन्द को इसकी जांच कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। सोमवार को उक्त ASI को तलब भी किया गया था। जहां DSP वेस्ट ने उनसे पूछताछ की है। वीडियो की सत्यता की जांच कर रिपोर्ट SSP को सौंपी जाएगी। इस दौरान जब मीडियाकर्मियों ने ASI से उनका बयान लेने की कोशिश की तो वे बचते हुए नजर आए। बिना कुछ बोले गाड़ी में बैठे और निकल गए। अपने चेहरे पर से माइक को हटाने के लिए जद्दोजहद करते रहे। सिर्फ कहा कि अभी कुछ नहीं बोलेंगे।

बताया जा रहा है कि वे एक केस के अनुसंधान में वादी से मिलने गए थे। एक चाय नाश्ते की दुकान का ये वीडियो बताया जा रहा है। वे वादी से बात कर रहे हैं कि उसका केस डायरी दे आएं हैं। लेकिन, अबतक खर्चा नहीं दिया है। युवक उन्हें दो सौ के दो नोट और एक सौ का एक नोट देता है। वे और भी डिमांड करते हैं। युवक कहता है हमको अपना भतीजा समझिए। काम पूरा होते ही हजार-दो हजार और देंगे। रुपये लेकर ASI वहां से निकल जाते हैं। इस पूरी करतूत का किसी ने वीडियो बना लिया। फिर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ASI पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.