Breaking News

मुजफ्फरपुर : आज से शहर के लोगों को देना होगा पानी का शुल्क, 480 से 1800 रुपए सालाना

बेतहाशा बढ़ रही महंगाई के बीच शहर के लोगों पर पानी शुल्क का बोझ पड़ेगा। प्रॉपर्टी टैक्स के साथ प्रत्येक हाउस होल्डर को 480 रुपए से लेकर 1800 रुपए प्रति साल पानी का शुल्क देना होगा। बुधवार से प्रॉपर्टी टैक्स के साथ पानी टैक्स की वसूली शुरू हो जाएगी। हालांकि, अभी जहां पानी का कनेक्शन नहीं पहुंचा है, वहां राहत मिलेगी। पानी शुल्क के लिए विभाग ने घरेलू, व्यवसाय, सरकारी कार्यालय और उद्योग के लिए अलग-अलग टैक्स का निर्धारण किया है। व्यावसायिक लोगों से मीटर लगाकर पानी शुल्क की वसूली होगी। जितना मीटर उठेगा, उसके हिसाब से उनको शुल्क देना होगा।

जबकि, हाउस होल्डर के लिए टैक्स का निर्धारण कर दिया गया है। मंगलवार को नगर विकास एवं आवास विभाग ने मुजफ्फरपुर के नगर आयुक्त के साथ सूबे के सभी निगम प्रशासन को पत्र जारी कर पानी का शुल्क वसूलने का निर्देश दिया। पानी शुल्क नहीं लेने पर सरकार ने नाराजगी जताई है। चुनावी आहट के बीच पहले ट्रेड लाइसेंस फिर यूजर चार्ज अब तीसरा पानी शुल्क वसूलने की सूचना से पार्षदों की बेचैनी बढ़ गई है।

एक साल पानी का टैक्स नहीं देने पर बंद होगा कनेक्शन, नया लेने पर 1 हजार शुल्क लगेगा

नगर विकास एवं आवास विभाग ने कहा है कि प्रॉपर्टी टैक्स के साथी पानी शुल्क की वसूली की जाए। एक साल तक पानी का टैक्स नहीं देने पर पानी का कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। फिर से कनेक्शन लेने पर एक हजार रुपए शुल्क लगेगा। निर्धारित समय तक प्रॉपर्टी टैक्स के साथ पानी का शुल्क नहीं देने पर डेढ़ प्रतिशत ब्याज की भी वसूली होगी। मेयर राकेश कुमार पिंटू का कहना है कि जब तक सभी जगह जल मीनार नहीं बन जाए, पानी की व्यवस्था नहीं हो जाए, तब तक पानी टैक्स की वसूली नहीं होनी चाहिए। इसका हम लोग विरोध करेंगे।

12 अप्रैल को हुई स्टैंडिंग की प्रोसीडिंग जारी, मेयर के वार्ड समेत 5 का निकाला गया टेंडर

नगर निगम बोर्ड की पिछली बैठक के दिन मेयर समेत पांच वार्ड को छोड़कर बाकी सभी वार्ड में 15-15 लाख का टेंडर किया गया था। मंगलवार को नगर आयुक्त ने मेयर, स्टैंडिंग मेंबर राकेश सिन्हा पप्पू, स्टैंडिंग मेंबर राजीव कुमार पंकू व बाकी बचे दो वार्ड का टेंडर एक साथ निकाल दिया। 12 अप्रैल को सशक्त स्थाई समिति की बैठक की प्रोसिडिंग भी जारी कर दी गई। उसी दिन बजट भी पास किया गया था। बजट पास करने के साथ नगर आयुक्त ने शहर के 44 वार्ड में 15-15 लाख की योजना से काम कराने का टेंडर किया था। कागजात में कमी रहने की वजह से 5 वार्ड का टेंडर नहीं हो सका था।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.