बिहार में मौसम पूरी तरह से बदल गया है। एक तरफ कड़ी धूप और दूसरी तरफ बारिश को लेकर अलर्ट है। उत्तर बिहार के तराई वाले जिलों में बारिश की चेतावनी है जबकि बाकी इलाकों में गर्मी मुसीबत बनी है। राज्य का अधिकतम तापमान 41 डिग्री पहुंच गया है, अगले दो दिनों में 4 डिग्री तक बढ़ने का पूर्वानुमान है। ऐसे में सेहत पर मौसम का बड़ा हमला हो सकता है।.
बिहार में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि इस बार मानसून को लेकर जो स्थितियां बन रहीं हैं, इससे यह साफ है कि इस बार बारिश पूरी तरह से सामान्य होगी। बिहार में मानसून भी 13 से 15 जून के बीच अपने समय से आ जाएगा। साल 2021 में बिहार में 13 जून को यास तूफान के कारण बिहार में जमकर बारिश हुई थी।
अब तक का पूर्वानुमान बिहार में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश का है। इस बार मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि बारिश का डिपार्चर 99% होगा जो सामान्य या सामान्य से अधिक हो सकता है।

24 घंटे में बारिश से बढ़ी परेशानी
बिहार में मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, शिवहर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और समस्तीपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार की सुबह से लेकर शनिवार की सुबह तक इन जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

इसके साथ ही पटना और आसपास के इलाकों में गर्मी ने परेशानी बढ़ाई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। राज्य का अधिकतम तापमान एक बार फिर 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी।

24 घंटे में बारिश के साथ गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में प्रचंड गर्मी के साथ बारिश का अलर्ट किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बिहार में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रभाव है, जबकि दक्षिण बिहार में दक्षिणी एवं दक्षिणी पश्चिम हवा का प्रवाह हो रहा है। एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र से उत्तर-पूर्व झारखंड तक गुजर रही है।
अगले 24 घंटे में उत्तर बिहार के तराई से जुड़े जिलों और दक्षिण पश्चिम भाग के एक दो स्थानों पर बादल गरजने के साथ हल्की से मध्य बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 24 घंटे के दौरान दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि का पूर्वानुमान जताया है। गया में 40.4 डिग्री और औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री पहुंच गया है।
पटना में तेज हवा से थोड़ी राहत

शनिवार को सुबह से ही पटना में तेज हवाएं चल रही हैं। इससे गर्मी में काफी राहत है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के पूर्वी हवा का प्रभाव काफी तेज है, इस कारण से पटना में भी इसका असर दिखाई दे रहा है। तेज हवा के कारण सुबह धूप के बाद भी गर्मी का प्रभाव अधिक नहीं है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दिन में हवा की गति कम हाेने के साथ ही गर्मी का प्रभाव दिखाई देने लगेगा।
पटना, गोपालगंज, छपरा, सीवान, वैशाली सहित लगभग 20 से अधिक जिलों में तेज धूप के कारण गर्मी का प्रभाव दिखाई पड़ेगा। जमुई, नवादा और औरंगाबाद में तो सुबह से गर्मी ने लोगों की हालत खराब की है।

बिगड़ सकती है सेहत
मौसम विभाग ने सेहत को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। मौसम सेहत के लिए खतरा बताया जा रहा है। गर्मी और कड़ी धूप के बीच बारिश होने से लोग बीमार हो सकते हैं। बच्चों के साथ बड़ों और पहले से बीमार चल रहे लोगों को सावधान किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि सुरक्षा को लेकर ध्यान नही देना खतरा बन सकता है। हवा के रुख में हो रहे बदलाव से दो तरह का मौसम हो रहा है



Leave a Reply