बिहार की सियासत रोज करवट ले रही है। हर दिन यहां नई संभावनाएं बनती हुई दिख रही है। ऐसी ही एक जुगलबंदी शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के दावत-ए-इफ्तार में देखने को मिली। यहां दुश्मन के दुश्मन ने दोस्त के रूप में एक साथ पटना की सड़कों पर सैर किया
कभी NDA का हिस्सा रहे LJP (R) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अब नीतीश कुमार को फूटी आंख देखना नहीं चाहते हैं। वहीं जिस मुकेश सहनी को BJP ने फर्श से अर्श पर पहुंचा दिया था उन्हें वापस से जमीन पर ले आई। दोनों फिलहाल सरकार से बाहर हैं और एक नई गठजोड़ की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।
जीतन राम मांझी के आवास पर दोनों अलग-अलग गाड़ियों से आए लेकिन, दोनों यहां साथ बैठे। इफ्तार के बाद दोनों साथ में एक ही गाड़ी में सवार होकर यहां से निकले। साथ में सदाकत आश्रम में आयोजित कांग्रेस पार्टी के दावत-ए-इफ्तार में पहुंचे।


कांग्रेस के इफ्तार पार्टी में चिराग और सहनी।
दोनों ने कहा- राजनीति की बात नहीं
इस जुगलबंदी पर दोनों ने कहा कि इस पवित्र मौके पर राजनीति की बात नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर बिहारवासी का सपना है कि बिहार विकसित राज्य बने। लोगों को अपने गांव-घर में बूढ़े मां-बाप को छोड़कर रोजी रोटी की तलाश में अन्य शहरों में नहीं जाना पड़े। आज दुर्भाग्य है कि राज्य से लोगों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता है।

अपने ही भाई को नजरअंदाज किए चिराग
एक तरफ जहां चिराग, सहनी के हाथों में हाथ डाल कर नई दोस्ती का आरंभ कर रहे थे। तब दूसरी तरफ वो अपने ही भाई को नजरअंदाज करते रहे । जीतन राम की दावत में चिराग के चचेरे भाई प्रिंस पासवान भी पहुंचे थे। न प्रिंस चिराग के करीब गए और न चिराग ने ही उनसे मिलना मुनासिब समझा। प्रिंस ने मौके पर सभी से आशीर्वाद लिया, लेकिन जिस ओर चिराग बैठे थे उधर जाने से बचे। दोनों भाई इस पर कुछ बोलने से भी बचते रहे।




Comment here