Breaking News

प्यार में धर्म आड़े आया तो घर छोड़ा, छपरा में शादी से 4 दिन पहले प्रेमी के साथ भागी युवती

छपरा में शादी से 4 दिन पहले युवती घर से प्रेमी के साथ भाग निकली। दोनों अलग-अलग धर्म से हैं, इसलिए बवाल मच गया। मामला पुलिस तक पहुंच गया। लड़की के परिवार वालों ने एफआईआर दर्ज करा दी। फिर क्या था, लड़की और लड़का दोनों ने वीडियो शूट किया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। लड़की ने कहा- हम एक-दूसरे से प्यार करते हैं। मुझ पर कोई दबाव नहीं है। मेरी जबरन शादी कराई जा रही थी। इसलिए भाग गई। यह फैसला उसका है।

युवती छपरा के साहेबगंज इलाके की है, जबकि युवक भगवान बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों ने वीडियो में एक-दूसरे से प्यार करने की बात स्वीकार की है। लड़की के पिता ने कहा कि वह 9 लाख के गहने और कैश ले गई है।

आज आनी थी बारात, पूरी हो चुकी थी तैयारियां
असल में 24 साल की युवती की शादी तय हो चुकी थी। 19 अप्रैल को ही उसकी बारात आनी थी। वह अपने परिवार की सबसे बड़ी बेटी है। इस नाते बड़े शौक से पिता शादी की तैयारी कर रहे थे। वह रेस्टोरेंट व्यवसायी हैं। शहर के एक बड़े मैरेज हॉल में शादी समारोह होना था, लेकिन वह शुक्रवार 15 अप्रैल की रात घर से भाग निकली। लड़की के पिता के अनुसार, वह अपने साथ करीब 9 लाख रुपए के गहने, शादी के लिए खरीदा गया करीब 25 हजार की कीमत का लहंगा और कुछ कैश लेकर गई है।

उन्होंने भास्कर से कहा कि शनिवार को हमने अपने स्तर से पड़ताल की तो उसे भगाने वाले युवक के बारे में जानकारी मिली। फिर नगर थाने में FIR कराई गई। FIR के बाद पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो वह नहीं मिला। अब सोमवार को उन्हें किसी ने दोनों के द्वारा बनाए गए वीडियो की जानकारी दी। वह खुद बड़े चाव से अपनी शादी की तैयारियों में लगी थी। अब इस तरह से घर छोड़कर जाना किसी साजिश के तहत उठाया कदम लग रहा है।

इलाहाबाद से ग्रेजुएशन कर चुकी थी युवती
पिता के अनुसार, उसने इलाहाबाद से ग्रेजुएशन किया था। इस लड़के से कैसे उसकी जान-पहचान हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। लड़का कहां से पढ़ा है, क्या करता है, उन्हें नहीं मालूम। स्कूल में भी वह बेटी के साथ नहीं पढ़ा था। दोनों अभी कहां हैं, इसकी जानकारी नहीं है। इधर, वीडियो पर आए युवक ने कहा- मेरे बारे में परिवार को पता है। हमारे प्यार के बारे में भी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.