ओमिक्रॉन संक्रमण की बढ़ती संख्या को देखते हुए पटना के अस्पतालों में बेड बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। पहले से उपलब्ध बेडों की तैयारियों को दुरुस्त किया जा रहा है तो दूसरी ओर केस बढ़ने पर नए अस्पतालों को भी कोविड डेडिकेट करने की भी तैयारी की जा रही है।
कोरोना से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों की मानें तो जिस तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। अगर उस स्थिति में एक प्रतिशत मरीजों को भी अगर अस्पताल की जरूरत पड़ी तो वर्तमान में उपलब्ध बेड मरीजों के लिए कम पड़ सकते हैं। एम्स में कोरोना के नोडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि यद्यपि अभी ओमिक्रॉन के गंभीर परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं।

बावजूद इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई ऐसे मरीज भी संक्रमित होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं जिनपर इसका गंभीर असर देखा जा रहा है। आनेवाले समय में मरीजों की संख्या काफी बढ़ सकती है। पीएमसीएच के श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. बीके चौधरी ने बताया कि ओमिक्रॉन का संक्रमण अभी राज्य में नया है।
विदेशों से आई रिपोर्ट के मुताबिक 18 से 20 दिन में संक्रमितों की संख्या अनियंत्रित होने लगती है। ऐसे में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ सकती है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान डेल्टा वेरिएंट से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंचने वाले लोगों की संख्या 10 प्रतिशत तक रही थी। उस समय भी स्थिति चरमरा गई थी।

अस्पताल पहुंचने वालों में मरनेवालों की संख्या भी लगभग आठ प्रतिशत तक हो गई थी। ऐसे में ओमिक्रॉन में एक प्रतिशत पीड़ित भी अस्पताल पहुंचे तो मरीजों की संख्या अनियंत्रित हो सकती है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के उस पहल की सराहना की जिसमें पहले से ही संक्रमितों के लिए अस्पतालों में बेड बढ़ाने की कवायद की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने केस बढ़ने पर एम्स, आईजीआईएमएस, ईएसआई बिहटा को कोविड डेडिकेटेड अस्पताल बनाने की घोषणा भी की है।



Comment here