BIHARBreaking NewsSTATE

मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक पुलिस बॉडी वार्न कैमरा से हुई लैस

नए साल की शुरुआत होते ही मुजफ्फरपुर की ट्रैफिक पुलिस भी नए रुप में नजर आएगी। मुजफ्फरपुर ट्रैफिक पुलिस अब बॉडी वॉर्न कैमरा से लैस हो गयी है। मुजफ्फरपुर ट्रैफिक पुलिस के जवान बॉडी वार्न कैमरे के साथ ड्यूटी करना शुरू कर देंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यालय से चार बॉडी वार्न कैमरा दिया गया है। इसकी मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले जुर्माना से नहीं बच पाएंगे। बॉडी पर कैमरा होने से ड्यूटी पर तैनात जवान द्वारा चालान काटने के दौरान होने वाले ‘लेन-देन’ पर ब्रेक लगेगा।

स्मार्ट पुलिसिंग के तहत जिले को चार बॉडी वॉर्न कैमरे व चार स्पीड रडार गन दिया गया है। कैमरे के जरिए वाहन चालकों पर नजर रखी जाने लगी है। बॉडी वार्न कैमरों में ट्रैफिक पुलिस कर्मी और वाहन चालक की हर गतिविधि की रिकॉर्डिंग हो सकेगी। ये कैमरे मिलने से यातायात पुलिसकर्मियों को सहायता मिलेगी। वहीं, यातायात अधिकारियों को अपने जवानों पर पैनी नजर रखने में काफी सहूलियत होगी। किसी ने अभद्रता की तो पूरी फुटेज कैमरे में कैद हो जाएगी। इसके आधार पर ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करेगी।

बताया जा रहा है कि फिलहाल कैमरे में 64 जीबी स्टोरेज दिया गया है। बाद में इसे कंट्रोल रूम अर्थात इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ( आइसीसीसी) से जोड़ दिया जाएगा। तब, कार्यालय में बैठे-बैठे अधिकारी सभी चौक-चौराहों और वहां तैनात जवानों पर नजर रख सकेंगे। कैमरा लगाने का मकसद अनुशासन के साथ भ्रष्टाचार से मुक्त पुलिस बनाना है।

कंधे के पास लगा रहता है बॉडी वार्न कैमरा
बताया जा रहा है कि यह कैमरा पुलिसकर्मी की शर्ट पर कंधे के पास लगाया जाता है। इस कैमरे के जरिए पुलिसकर्मी और नागरिकों के बीच होने वाली सभी बातचीत और वीडियो रिकॉर्डिंग होती है। जीपीएस (ग्लोबल पॉजिशनिंग सिस्टम) और जीपीआरएस (जनरल पॉकेट रेडियो सर्विस) लगा होने के कारण कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़ जाते हैं। कैमरे की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई जा रही है। खासियत यह कि वीडियो रिकॉर्डिंग को आसानी से कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकेगा।

ट्रैफिक पुलिस को पहले ही मिल चुका है दो स्पीड गन
जिले में चार स्पीड रडार गन मिला है। इसमें दो ट्रैफिक पुलिस के पास है। दिन हो या रात, एक ही क्षमता से काम करेगी। एक घंटे में इस गन से 350 से ज्यादा वाहनों की गति मापी जा सकेगी। चिप युक्त इस गन में एक प्रिंटर लगा है, जो स्पीड लिमिट तोड़ने के समय के साथ गाड़ी का नंबर प्लेट के साथ फोटो का भी प्रिंट आउट निकाल देगा।

इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी रवींद्र नाथ सिंह ने बताया कि- ‘ट्रैफिक जवान अब बॉडी वार्न कैमरा से लैस हो गया है। मुख्यालय से चार कैमरा मिला है। इसके अलावे दो स्पीड गन भी मिला है। इसकी मदद से वाहनों की स्पीड मापी जायेगी।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.