BIHARBreaking News

अब जातीय जनगणना का क्या होगा ? यात्रा और हनीमून में बीच फंसा जातीय जनगणना

जातीय जनगणना को लेकर पिछले दिनों जिस तरह से राजनीति की सरगर्मियां बढ़ी थी, मौसम के ठंड के साथ वह भी नरम पड़ती दिख रही है। शीतकालीन सत्र में तेजस्वी यादव ने दोबारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर जातीय जनगणना कराने की अपील की थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी माना था कि यह सबसे जरूरी मसला है और इस को जल्द से जल्द निपटाना चाहिए। तब उन्होंने कहा था कि बहुत जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाकर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। लेकिन जैसे-जैसे थोड़ा वक्त बिता बिहार के दोनों प्रमुख नेता इस मसले को दरकिनार कर अपने अलग-अलग काम में लग गए हैं।

बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तुरंत बाद प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव दिल्ली रवाना हो गए। अचानक सूचना मिली कि तेजस्वी यादव शादी कर रहे हैं और उन्होंने दिल्ली में ही चट मंगनी पट ब्याह कर लिया। उसके बाद तेजस्वी यादव लगातार अपने वैवाहिक जीवन को लेकर व्यस्त हो गए या यूं कहें तेजस्वी यादव ब्याह के बाद हनीमून पीरियड पर चल रहे हैं। प्रतिदिन उनकी तस्वीरें उनकी पत्नी राजश्री उर्फ रेचल के साथ आ रही है। कभी अपने संबंधियों से मिल रहे हैं, तो कभी अपने समर्थकों के साथ वक्त बिता रहे हैं। जब शीतकालीन सत्र चल रहा था तब तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द ही जातीय जनगणना को लेकर सरकार के साथ बैठक होगी, सर्वदलीय बैठक करके अंतिम रूप दिया जाएगा। लेकिन, यह बात कहें एक पखवारा से ज्यादा का वक्त हो चुका है। अभी तक जातीय जनगणना को लेकर कोई हलचल नहीं है।

शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहा था कि जातीय जनगणना को लेकर जल्द निर्णय लिया जाएगा और जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाकर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। नीतीश कुमार ने उस समय इस बात की ओर भी इशारा किया था कि बिहार सरकार अपने खर्चे पर जातीय जनगणना कराने को तैयार है। और उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया था कि हर बिंदु पर जांच करके इस जातीय जनगणना को फुलप्रूफ कराया जाएगा। लेकिन इस बात की भी एक पखवारा से ज्यादा का वक्त हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगले हफ्ते 22 दिसंबर से ‘समाज सुधार यात्रा’ पर निकल रहे हैं। यह यात्रा अगले महीने के 15 जनवरी 2022 तक चलेगी। तब तक जातीय जनगणना को लेकर ना कोई बैठक के आसार दिख रहे हैं और ना ही इस को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री जब तक अपनी समाज सुधार यात्रा मुक्त होंगे, तब तक यह साल भी बदल चुका होगा और यह वक्त भी बदल चुका होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.