नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनकी दुल्हनियां राजेश्वरी यादव खरमास से पहले पटना आ सकती हैं। 15 दिसंबर से खरमास शुरू होने वाला है। चर्चा है कि दोनों इससे पहले पटना आएंगे। शादी बहुत की निजी मामला है। लेकिन, चारों तरफ से यह सवाल उठने लगे कि इतने गुपचुप तरीके से शादी का भला क्या मतलब। रही-सही कसर तेजस्वी यादव के मामा साधु यादव ने पूरी कर दी। उन्होंने क्या-क्या नहीं कहा। मामा-भांजे के रिश्ते की मर्यादा भी नहीं रखी। राबड़ी देवी का भी लिहाज नहीं किया।
जल्द से जल्द जनता के बीच आना चाहेंगे तेजस्वी
हालांकि, विवाद न हो इसके पहले ही रेचल ने हिंदू धर्म अपना लिया और अब उनका नया नाम राजेश्वरी यादव होगा। इस सब के बावजूद कई तरह के सवालों पर विराम लगाने के लिए तेजस्वी का पत्नी के साथ पटना आना जरूरी है। लालू प्रसाद के भाई और भाभी भी शादी में दिल्ली नहीं जा पाए थे, इसलिए तेजस्वी यादव और राजेश्वरी यादव पटना आएंगे तो सभी सगे-संबंधी भी उनसे मिलने जाएंगे।

तेजस्वी यादव को राजनीति में आगे जाना है, इसलिए वे चाहेंगे कि जल्द से जल्द जनता के बीच दिखें। बिहार में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है इसलिए रिसेप्शन कब होगा इस पर अभी कोई चर्चा नहीं है। उम्मीद है रिसेप्शन खरमास के बाद ही होगा।
दिल्ली में हुई थी शादी
राजद नेता और बिहार के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव की हरियाणा की रहने वाली रेचल के साथ शादी सुर्खियों में है। इस शादी से पहले सबसे ज्यादा चर्चा रेचल के क्रिश्चियन होने को लेकर थी, लेकिन अब एक और बात सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बचपन की दोस्त से शादी करने के लिए तेजस्वी को उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मनाना पड़ा। रेचल ने शादी से पहले क्रिश्चियन धर्म छोड़कर हिंदू धर्म को कबूल किया है। इसके चलते उनका नाम भी बदल गया है। लालू परिवार में शामिल होने से पहले ही वे रेचल से राजेश्वरी यादव हो गई थीं। हालांकि इस बारे में लालू परिवार के किसी भी सदस्य ने अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

लालू और राबड़ी दोनों तेजस्वी की रेचल से शादी को लेकर खुश नहीं थे। दोनों की सहमति नहीं थी। इससे पहले लालू-राबड़ी ने सभी बच्चों की शादी यादव जाति में ही की है, लेकिन रेचल यादव जाति की ही नहीं हिंदू धर्म की भी नहीं थी। इसे लेकर भी परिवार में असहमति थी। माना जा रहा है कि इसका गलत राजनीतिक संदेश जाने का डर भी राजद सुप्रीमो को था।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक इन सब कारणों से ही लालू परिवार में शामिल होने के लिए रेचल को हिंदू धर्म कबूल करना पड़ा है। वह रेचल से राजेश्वरी यादव हो गई हैं। RJD के सीनियर नेताओं के मुताबिक, इससे लालू-राबड़ी की नाराजगी कम हुई है।




Comment here