पटना. उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के बाद से ही विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल खड़े कर रहा है कि बिहार के लिए डबल इंजन की सरकार ने क्या क्या? लोजपा (रामविलास) के नेता व जमुई से सांसद चिराग पासवान ने भी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे को लेकर पूछा था कि बिहार में इस तरह की रोड के लिए नीतीश कुमार को कितने और साल का कार्यकाल चाहिए? इसी का जवाब देते हुए बुधवार को सहयोग कार्यक्रम में पहुंचे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि हम यहां विपक्ष का जवाब देने नहीं बैठे हैं. विपक्ष को जवाब हम सदन में देंगे, लेकिन जहां तक सरकार की उपलब्धि की बात है तो पिछले 1 साल में बिहार को सड़क के लिए 52000 करोड रुपए केंद्र से मिले, साथ ही साथ 6 से 8 सड़कें भी बिहार को मिलीं. नितिन नवीन ने यह भी कहा कि बिहार सरकार की 25 योजना हम लोग लेकर आए हैं. बिहार में नगरीय क्षेत्र के विस्तार का भी काम हुआ रोजगार का सृजन भी बिहार में कई अलग-अलग क्षेत्रों में हुआ है.
नितिन नवीन ने यह भी बताया कि दरभंगा-आमस पथ का भी टेंडर इसी महीना हुआ है. आमस-दरभंगा पथ का काम शुरू हो जाएगा तो पूरी सिक्स लेन कनेक्टिविटी होगी. औरंगाबाद से दरभंगा तक के उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले को फोरलेन से सिक्स लेन बनाया जाएगा. इसी प्रकार पटना- कोलकाता एक्सप्रेस में भी बन रहा है. बिहार में भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसी सड़कें देखने को मिलेंगी. हमने सुदूर गांव के इलाके को भी कनेक्टिविटी दी है और अब एक्सप्रेसवे के माध्यम से भी बिहार की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगे.

पथ निर्माण मंत्री ने यह भी बताया कि गंगा नदी पर 12 पुल स्वीकृत हो चुके हैं. जेपी पुल के बगल में ही नया फोरलेन ब्रिज की भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. बता दें कि 100 सालों के ट्रैफिक प्लान के साथ गांधी सेतु के दोनों लेन का निर्माण कार्य 2024 तक पूरा हो जाएगा. मोटरसाइकिल और साइकिल से यात्रा करने वाले लोगों के लिए पुल पर अलग से व्यवस्था की जा रही है. पुल के स्पेन में केबलिंग की भी व्यवस्था की गई है, जिसके द्वारा किसी भी तरीके का पाइप लाइन बिछाया जा सकता है. गांधी सेतु के समानांतर बन रहे गंगा ब्रिज के तैयार होने से पटना और से हाजीपुर की कनेक्टिविटी और भी बढ़ जाएगी.
बिहार में नजर आएंगे पुल ही पुल
बता दें कि महात्मा गांधी सेतु के पुराने स्ट्रक्चर को बदल कर नया स्टील का सुपरस्ट्रक्चर बनाने के साथ-साथ बिहार में गंगा नदी पर 18 नए पुलों का निर्माण किया जा रहा है. गांधी सेतु से ठीक बगल में सिक्स लेन ब्रिज बनाया जा है. गांधी सेतु के 10 किलोमीटर डाउनस्ट्रीम में कच्ची दरगाह बिदुपुर पुल का निर्माण कराया जा रहा है. जेपी सेतु के समानांतर नए पुल बनने का प्रस्ताव है और उसी के 10 किलोमीटर पश्चिम दिघवारा में सिक्स लेन पुल बनाया जाना है. बख्तियारपुर से ताजपुर फोरलेन पुल का निर्माण कार्य जारी है. राजेंद्र सेतु के समानांतर सिक्स लेन ब्रिज बनाया जा रहा है.
गंगा नदी पर हर 40 किमी पर पुल
मुंगेर घाट पुल का दिसंबर महीने में अप्रोच रोड पूरा हो जाएगा. अगवानी घाट से सुल्तानगंज फोरलेन ब्रिज का निर्माण कार्य जारी है. विक्रमशिला सेतु के समानांतर फोरलेन पुल बनाया जा रहा है. मनिहारी से साहेबगंज भी नया फोरलेन पुल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. पथ निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बिहार में पहले गंगा नदी पर हर 40 किलोमीटर पर एक पुल होगा. पहले बिहार में 10 लेन के सिर्फ 4 पुल थे और आज 62 लेन के 18 नए पुलों का निर्माण कार्य जारी है.




Leave a Reply