जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि शराबबंदी तभी सफल होगी, जब लोग जागरूक होंगे। पुलिस के डंडे चलाने से यह सफल नहीं होगा।
अरवल के एक दिवसीय दौरे पर आए कुशवाहा से पूछा गया कि बिहार में जहरीली शराब पीने से मौत हो रही है, तो उन्होंने कहा कि शराबबंदी एक सफल कानून है। सभी लोगों को जागरूक होकर इस अभियान को चलाना चाहिए। जब तक लोग जागरूक नहीं होंगे, तब तक शराबबंदी अभियान बिहार में सफल नहीं हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह जहरीली शराब पीकर लोगों की मौत हो रही है, यह काफी चिंता का विषय है। इस पर हम सभी को मिल-बैठकर सोचने का समय आ गया है। जब तक आम जनता का सहयोग नहीं होगा, तब तक पूर्ण शराबबंदी नहीं हो सकती है।



उन्होंने जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाज के लिए अच्छा नहीं है। जो लोग इस तरह के कार्य कर रहे हैं वो समाज विरोधी और सरकार विरोधी हैं। सरकार इन लोगों पर कठोर से कठोर कार्रवाई करेगी। लेकिन समाज को भी चाहिए कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन्हें सामाजिक परंपरा से बहिष्कृत किया जाए।




Leave a Reply