वैशाली के हाजीपुर सदर अस्पताल की हालत एक बार फिर नारकीय हो गई है। अहले सुबह हुई झमाझम भारी बारिश के कारण सदर अस्पताल झील में तब्दील हो गई है। बारिश के कारण अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड समेत अस्पताल परिसर में भारी जलजमाव हो गया, जिससे मरीजों के साथ अस्पताल कर्मियों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सदर अस्पताल में विभिन्न बीमारियों का इलाज कराने पहुंच रहे मरीजो व उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में मरीज घुटने तक पानी पार कर वार्ड में पहुंच रहे हैं। मरीजों का कहना है कि जलजमाव के कारण उन्हें पानी में मरीजों को लादकर लाना पड़ रहा है। इतनी परेशानी हो रही है, लेकिन इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई सुधि नहीं ली गई है।
हाजीपुर सदर अस्पताल में सामान्य बारिश के बाद भी वार्ड और परिसर डूब जाते हैं। अस्पताल कर्मी भी नारकीय स्थिति में काम करने को मजबूर है, बावजूद इसके प्रबंधन इस समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। अस्पताल कर्मियों का कहना है कि भारी जलजमाव के कारण काम करना मुश्किल हो गया है, लेकिन इसका स्थाई समाधान अभी तक नहीं निकाला जा सका है।
बारिश के कारण शहर के अस्पताल मार्ग, कचहरी मार्ग, राजेन्द्र चौक, गांधी चौक समेत अन्य चौक चौराहे, गली-मोहल्ले में भारी जलजमाव हो गया है, जिसके कारण लोगो को परेशानी झेलनी पड़ रही है।




Leave a Reply