L-R अगरबत्ती यानी लालू-राबड़ी अगरबत्ती की खुशबू अब चारों तरफ फैलेगी। लालू- राबड़ी के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव अब बिजनेसमैन भी बन गए हैं। उन्होंने अगरबत्ती का कारोबार शुरू किया है। इसका खास शोरूम तेज प्रताप ने पटना, दानापुर के पास लालू के खटाल में शुरू किया है। लालू खटाल का मतलब लालू की गौशाला से है। वहां बड़ी संख्या में लालू प्रसाद गाय और भैंस रखा करते हैं। सत्ता में रहने के दौरान मुख्यमंत्री आवास में भी लालू प्रसाद का खटाल था।
इसी में अगरबत्तियां बनती हैं और शोरूम से बेची जाती हैं। तेजप्रताप यादव शोरूम में हमेशा नहीं बैठते, कभी-कभी आते हैं। लेकिन यहां लगे सीसीटीवी कैमरे से वे हमेशा मोबाइल के जरिए निगरानी करते रहते हैं। शोरूम में कौन आया, कौन गया इस सब की जानकारी उन्हें खूब रहती है।


शोरूम में अगरबत्ती के साथ राजद का चुनाव चिन्ह लालटेन।
तेजप्रताप यादव ने अनुमति ली गई
भास्कर ने इस शोरूम को देखा तो वहां अभिलाष कुमार और काव्या से मुलाकात हुई। हम विजुअल बनाना चाहते थे तो अभिलाष ने तेजप्रताप यादव को फोन घुमाया कि सर मीडिया वाले विजुअल बनाना चाहते हैं? तेज प्रताप यादव से संवाददाता ने बात की और फिर विजुअल बनाने की परमिशन दी।
लालू पुत्र तेजप्रताप की कृष्ण भक्ति प्रसिद्ध है
तेजस्वी यादव हर दिन पूजा करते हैं। उनका पूजा-पाठ प्रसिद्ध है। ललाट पर त्रिपुंड लगाते हैं। कभी कृष्ण का वेश धरते हैं तो कभी शिव का। वृंदावन आश्रम अक्सर जाते रहते हैं। लालू प्रसाद को जल्द जमानत मिले इसके लिए वृंदावन आश्रम के प्रवचनकर्ता से सात दिनों का प्रवचन पटना में करवाया था। वे खुद को राजनीति में छोटे भाई तेजस्वी यादव का कृष्ण बताते हैं और तेजस्वी को अर्जुन। राष्ट्रीय जनता दल के 25 वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के कार्यर्ताओं से जुड़े सवाल अगर किसी ने उठाए तो वे तेजप्रताप यादव ही थे। तेजप्रताप बोलने में बिंदास हैं। उन्होंने कहा भी कि उनको भगवान को छोड़ कर अन्य किसी से डर नहीं लगता। ये बात तेजप्रताप ने तब कही जब लालू प्रसाद वर्चुअली जुड़े हुए थे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह मंच पर थे।

शोररूम में अगरबत्ती को देखते तेज प्रताप यादव।
मंदिरों से फूलों को एकत्रित किया जाता है और उसी से बनती हैं
अगरबत्ती के LR ब्रांड का मतलब कहने को ‘ लौंगेस्ट एंड रिचेस्ट ‘ है। लेकिन LR राधा कृष्णा अगरबत्ती का मतलब उनके जानने वाले- लालू राबड़ी राधा कृष्ण अगरबत्ती बताते हैं। तेजप्रताप यादव की अगरबत्ती की खासियत यह है कि वे इन अगरबत्तियों को मंदिरों में देवताओं पर चढ़ाए गए फूलों को इकट्ठा करके सुखवाते हैं और उसी से बनवाते हैं। दावा यह कि इसमें किसी तरह का कैमिकल नहीं डाला जाता। अगरबत्ती की स्टीक बांस की तीली से नहीं बल्कि नारियल के पत्तों से निकाली तिलियों से तैयार की जाती हैं। शायद इन्हीं कारणों से इसकी कीमत ज्यादा है।
अगरबत्ती की अलग-अलग वेराइटी के नाम पर खूब मंथन
इन अगरबत्तियों के नामों पर भी तेजप्रताप यादव का असर दिखता है। ये सभी कृष्ण के आसपास वाले नाम हैं। जैसे कि कृष्ण लीला अगरबत्ती, बरसाना, सेवा कुंज, विष्णु प्रिया, निधि वन, वृंदा तुलसी, पारिजात आदि। LR राधा कृष्णा अगरबत्ती शोरूम में अगरबत्ती के अलावा धूप, परफ्यूम , रूद्राक्ष आदि कई चीजें बिकती हैं।
यादव जी की गाय, और RJD का चुनाव चिह्न लालटेन
शोरूम में गाय की खूबसूरत मूर्ति है और उसके साथ बच्चे की ममता भी। दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल का चुनाव चिह्न लालटेन भी है। राधा कृष्ण की सफेद रंग वाली मूर्ति यहां है और एक अन्य मूर्ति सांवले रंग वाले कृष्ण की भी है। इस पर हमेशा अगरबत्ती जलती रहती है। यानी एकदम पूजा का पूरा माहौल। लगता है कि शोरूम में नहीं, किसी मंदिर में आ गए हैं। खूबसूरत लाइटिंग भी यहां है। यानी इस सब में तेजप्रताप यादव का सौंदर्यबोध दिखता है। ये तीखे बयानों वाले तेजप्रताप यादव नहीं बल्कि ईश्वर में अगाध आस्था रखने वाले और अध्यात्म के निकट रहने वाले लालू पुत्र की है।



Leave a Reply