बिहार में ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार को मकर संक्रांति के दिन सूरज बादलों के साथ लुकाछिपी करता रहा, जिससे दिन का तापमान तेजी से नीचे लुढ़का। पिछले 24 घंटों में कोहरे की सघनता से कनकनी काफी बढ़ी। अगले दो दिनों तक सूबे में ठंड से निजात के आसार नहीं हैं। दिन में धूप नहीं निकलने से कनकनी बढ़ी है। दिन का तापमान दो डिग्री तक नीचे आया है। अगले दो दिन अधिकतम तापमान में और गिरावट की उम्मीद है। मौसम विभाग ने राज्य में अभी शीतलहर की स्थिति से इनकार किया है।
दोतरफा हवाएं ला रहीं नमी और कनकनी
राज्य में दोतरफा हवाएं चल रही हैं। दक्षिणी बिहार में जहां उत्तर पश्चिम दिशा से बर्फीली हवाएं कनकनी लेकर आ रही हैं। वहीं दक्षिणी भाग में पूर्वा हवा नमी लेकर आ रही है। ग्रामीण इलाकों में अंगीठी के सहारे ठंड काटी जा रही है। वहीं शहरों में दिन भर ब्लोअर-हीटर चल रहा है। कामकाजी लोगों के अलावा ठंड की वजह से लोग घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं। मौसमविदों के मुताबिक राज्य के उत्तरी भाग में चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे उत्तर बिहार में आंशिक बादल छाए रहेंगे। नमी की वजह से न्यूनतम पारे में गिरावट की स्थिति नहीं आएगी लेकिन दक्षिणी और भाग में ठंड का सितम बरकरार रहेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक पर्वतीय भागों में बर्फबारी की वजह से उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं गलन लेकर आ रही हैं। इससे कनकनी बढ़ेगी और दक्षिणी भाग में न्यूनतम पारे में दशमलव अंकों की गिरावट आ सकती है। null
गया में 16 घंटे की रफ्तार से हवा
सूबे में कोहरे की वजह से दृश्यता में कमी आई है। गया में अधिकतम 14 से 16 किमी की रफ्तार से उत्तर पश्चिमी हवा चलने के बावजूद विजिबिलिटी सुबह सात बजे तक 600 मीटर की रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ा स्थिति में सुधार आया। पटना में सुबह सात बजे विजिबिलिटी 100 मीटर की थी। दिन दस बजे के बाद दृश्यता में सुधार आया लेकिन धूप का अहसास नहीं हुआ। कमोबेश राज्य के बाकी हिस्सों में धूप की स्थिति यही रही। राजधानी में 10 से 12 किमी की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवा चली। मौसमविदों का कहना है कि गया के न्यूनतम तापमान में अभी आंशिक गिरावट आ सकती है। पटना में गुरुवार को अधिकतम पारा सामान्य से पांच डिग्री नीचे रहा जबकि न्यूनतम पारा सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। भागलपुर में अधिकतम पारा सामान्य से एक डिग्री नीचे जबकि न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री नीचे रहा। गया में भी अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े तीन डिग्री नीचे जबकि न्यूनतम पारा सामान्ये से चार डिग्री नीचे रहा। पूर्णिया में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे जबकि न्यूनतम एक डिग्री नीचे रहा।






Leave a Reply